The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक सोमवार शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगी, जिसमें सभी भाजपा विधायकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
विधायक दल के सचिव की ओर से जारी सूचना के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति, सरकार की प्राथमिकताओं और सदन में उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े अहम विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात को आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिवसीय इस सत्र में वित्तीय विषयों के अलावा विभिन्न शासकीय कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मानसून सत्र से पहले आयोजित की जा रही भाजपा विधायक दल की यह पहली बैठक मानी जा रही है, जिसमें पार्टी आगामी सत्र के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी।















