Saturday, September 12, 2026
Home Breaking उफनते नाले में बही बिजली विभाग की पिकअप, तीन कर्मचारी बचे, एक...

उफनते नाले में बही बिजली विभाग की पिकअप, तीन कर्मचारी बचे, एक की तलाश जारी

51

The Duniyadari: बलौदाबाजार– जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। अचानकपुर क्षेत्र में बिजली सुधार कार्य के लिए निकले बिजली विभाग के कर्मचारियों की पिकअप खोरसी नाले के तेज बहाव में बह गई। वाहन में सवार तीन कर्मचारी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि एक कर्मचारी अब भी लापता है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीम पिकअप वाहन से मौके की ओर जा रही थी। रास्ते में खोरसी नाला उफान पर था। इसके बावजूद वाहन चालक ने पुल पार करने का प्रयास किया, लेकिन तेज जलधारा के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और पिकअप बहाव में बह गई।

बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव ने वाहन को पुल से करीब 800 मीटर दूर तक बहा दिया। हादसे के दौरान तीन कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी लापता हो गया। आशंका है कि वह तेज बहाव में बह गया या वाहन में फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लापता कर्मचारी की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। हालांकि लगातार बारिश और नाले के तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस क्षेत्र के नाले अक्सर उफान पर रहते हैं, जिससे ऐसे मार्गों पर आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले पुलों और जलमग्न रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। फिलहाल रेस्क्यू टीम लापता कर्मचारी की तलाश में जुटी हुई है, जबकि विभाग के अधिकारी भी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।