The Duniyadari: Raigarh जिले के धरमजयगढ़ वन क्षेत्र में एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई है। कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव में शनिवार तड़के एक जंगली हाथी बस्ती में घुस आया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए भाग रही एक महिला पर हाथी ने हमला कर दिया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतका की पहचान तालगांव निवासी शकुंतला बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला अपनी दुधमुंही बच्ची के साथ थी। ग्रामीणों ने हाथी के गांव में घुसने की सूचना तुरंत वन विभाग को दी, लेकिन इससे पहले हाथी ने बस्ती में काफी देर तक उत्पात मचाया।
घटनास्थल पर पहुंची वन विभाग की टीम ने महिला को गंभीर हालत में कापू अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान हाथी ने वन विभाग के एक वाहन को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
काफी प्रयास के बाद वन अमले ने हाथी को गांव से बाहर खदेड़ दिया। विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।















