The Duniyadari: Raipur नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने जल संरक्षण से जुड़े नियमों के पालन में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर, मुंबई और जयपुर के तीन प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में फिलहाल सभी खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। ट्रिब्यूनल के अगले आदेश तक इन स्टेडियमों में किसी भी खेल आयोजन के लिए एनजीटी की अनुमति आवश्यक होगी।
इस आदेश के दायरे में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। एनजीटी ने सुनवाई के दौरान पाया कि इन स्टेडियमों में भूजल के उपयोग को कम करने, एसटीपी के उपचारित पानी के इस्तेमाल और वर्षा जल संचयन जैसी पर्यावरणीय व्यवस्थाओं का अपेक्षित पालन नहीं किया गया।
ट्रिब्यूनल ने कहा कि देश के कई हिस्सों में जल संकट गंभीर होता जा रहा है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे जल संरक्षण के नियमों का पालन करें और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान दें। बार-बार निर्देश और नोटिस दिए जाने के बावजूद संतोषजनक अनुपालन नहीं मिलने पर यह अंतरिम आदेश जारी किया गया।
यह मामला वर्ष 2021 में जारी उन निर्देशों से जुड़ा है, जिनमें स्टेडियमों को भूजल पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक जल स्रोत अपनाने के लिए कहा गया था। अब केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) को चार सप्ताह के भीतर विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। तब तक इन तीनों स्टेडियमों में एनजीटी की मंजूरी के बिना किसी भी खेल आयोजन की अनुमति नहीं होगी।















