The Duniyadari: Raipur- स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए कमिश्नरेट के मध्य, नॉर्थ और पश्चिम जोन में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रोजाना रात 8:30 बजे से 11:30 बजे तक पुलिस टीमें प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में तैनात रहकर वाहनों की जांच कर रही हैं।
पुलिस ने शहर में कुल 43 चेकिंग पॉइंट निर्धारित किए हैं। इन स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर दस्तावेज, नंबर प्लेट और वाहन में सवार लोगों की जांच की जा रही है। बिना नंबर के वाहन, संदिग्ध नंबर प्लेट और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों पर पुलिस की विशेष नजर है।
तीनों जोन में बढ़ाई गई निगरानी
मध्य जोन में 14 स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है। कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, देवेंद्रनगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच की जा रही है।
नॉर्थ जोन में 11 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। खमतराई, पंडरी, खमारडीह, उरला, गुड़ियारी और रामनगर क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच कर रही है।
वहीं पश्चिम जोन में सबसे अधिक 18 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। आजाद चौक, राजेंद्र नगर, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, सरस्वती नगर, टिकरापारा, कबीर नगर और मुजगहन सहित कई इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बाहरी लोगों और संदिग्ध वाहनों की भी होगी जांच
पुलिस द्वारा शहर में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों और बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान वाहन के कागजात के साथ नंबर प्लेट का मिलान किया जा रहा है। आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने की आशंका वाले वाहनों और व्यक्तियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे और बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहेगी। इसे देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से सुरक्षा बढ़ाई गई है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय वैध दस्तावेज साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। स्वतंत्रता दिवस तक शहर में सुरक्षा और निगरानी का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।















