Thursday, August 13, 2026
Home Breaking राह चलती महिला से छेड़खानी, धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

राह चलती महिला से छेड़खानी, धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

17

The Duniyadari: Raigarh- चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में महिला से छेड़खानी और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता ने 12 अगस्त को अपने पति के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 2 अगस्त की दोपहर वह अपने पति के लिए भोजन लेकर जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे। इसी दौरान ग्राम एकताल के रहने वाले उमेश और अभिषेक पीछे से पहुंचे और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।

इसी बीच महिला का एक परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया। उसे देखकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने अपने पति और गांव के प्रमुख लोगों को पूरी जानकारी दी। उनकी सलाह के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत धारा 74 और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी, जहां वे मिल गए। पूछताछ और जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उमेश प्रधान (26 वर्ष), निवासी एकताल स्कूलपारा और अभिषेक गोधिया (24 वर्ष), निवासी एकताल बस्ती मंडलापारा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे के साथ आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।