Friday, August 14, 2026
Home Breaking स्वतंत्रता दिवस को लेकर रायपुर हाई अलर्ट, 800 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे...

स्वतंत्रता दिवस को लेकर रायपुर हाई अलर्ट, 800 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

7

The Duniyadari: Raipur स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों से लेकर प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

रायपुर कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के प्रमुख एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर लगातार नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। बाहर से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है

रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके अलावा होटल, लॉज, सराय और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों की जानकारी की जांच की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त के साथ प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आदतन अपराधियों, निगरानीशुदा बदमाशों और संदिग्ध लोगों की लगातार जांच की जा रही है। यातायात और वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आईटीएमएस कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन से भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।

इस पूरे सुरक्षा अभियान में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।