The Duniyadari: कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय अंकित सोनवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
विवाद के दौरान चाकू लगने का आरोप
पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन अंकित शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था और कुछ देर बाद कमरे में चला गया। उस समय उसकी पत्नी प्रिया भी कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में प्रिया ने अंकित के पैर पर चाकू से वार कर दिया।
चाकू लगने के बाद अंकित के पैर से काफी मात्रा में खून बहने लगा। उसकी हालत बिगड़ने पर पत्नी की आवाज सुनकर छोटा भाई आशीष और परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे। परिजनों ने तत्काल अंकित को एसईसीएल के विभागीय अस्पताल पहुंचाया।
निजी अस्पताल ले जाते समय मौत
एसईसीएल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंकित की स्थिति गंभीर बनी रही। डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू की।
बीमारी के कारण बढ़ गया रक्तस्राव
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पैर में चाकू लगने के बाद अंकित का काफी खून बह गया था, जिससे उसका ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया। मेडिकल जांच में यह भी सामने आया कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके शरीर में खून का थक्का बनने में सामान्य से अधिक समय लगता था। इस वजह से चोट के बाद रक्तस्राव नियंत्रित नहीं हो सका और उसकी स्थिति लगातार गंभीर होती गई।
जांच में सामने आया पति-पत्नी के विवाद का मामला
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि अंकित के शराब पीने के बाद अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी और विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पत्नी प्रिया सोनवानी पर चाकू से वार करने का आरोप लगाया।
पुलिस का कहना है कि चोट लगने के बाद हुए अत्यधिक रक्तस्राव और अंकित की पूर्व बीमारी के कारण उसकी हालत तेजी से बिगड़ी। समय पर स्थिति नियंत्रित नहीं हो पाने के बाद उसकी मौत हो गई।
धारा 105 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज किया है। जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।





















