The Duniyadari: Sarguja- लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम राता में चार दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्ची झाड़ियों के बीच पत्थरों के नीचे मिली थी। ग्रामीणों की सूचना पर उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार राता निवासी राम बाई ने कुछ दिन पहले बरगीडीह के अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। 15 अगस्त को वह अपनी नवजात बेटी को लेकर रिश्तेदार पंकज के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल लौट रही थी।
रास्ते में राता गांव के पास महिला कथित तौर पर मोटरसाइकिल से उतरकर बच्ची को लेकर झाड़ियों की ओर चली गई। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर पंकज ने तलाश की। बाद में महिला तो वापस मिल गई, लेकिन बच्ची उसके साथ नहीं थी। बच्ची के बारे में पूछने पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
इसके बाद आसपास के लोगों ने भी नवजात की तलाश की, लेकिन तत्काल उसका पता नहीं चला। कुछ समय बाद झाड़ियों के पास मवेशी चरा रहे ग्रामीणों की नजर पत्थरों के नीचे पड़ी बच्ची पर गई। सूचना मिलते ही सरपंच और पुलिस को जानकारी दी गई।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को बच्ची उस समय जीवित मिली थी। उसे बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
बच्ची झाड़ियों तक कैसे पहुंची, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्ची को झाड़ियों में ले जाने की वजह क्या थी, उसे पत्थरों के नीचे किसने रखा और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।































