Tuesday, August 18, 2026
Home कोरबा स्वतंत्रता दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, 135 मरीजों ने लिया लाभ

स्वतंत्रता दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, 135 मरीजों ने लिया लाभ

19

The Duniyadari: कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद एवं आरोग्य भारती कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में वृहद निःशुल्क आयुर्वेद एवं एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 135 लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श, जांच और उपचार का लाभ लिया।

शिविर का शुभारंभ संस्थान के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा सहित चिकित्सकों एवं शिविरार्थियों ने भारत माता और भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।

इस दौरान नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा ने स्वस्थ जीवन के लिए भोजन में संतुलन को आवश्यक बताते हुए ‘हितभुक, मितभुक और ऋतभुक’ आहार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भोजन की मात्रा, गुणवत्ता और उचित समय का ध्यान रखना स्वास्थ्य की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

शिविर में नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा और पंचकर्म एवं एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ ने अपनी सेवाएं दीं। मरीजों को रोगानुसार आयुर्वेदिक परामर्श और निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही शुगर, हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप की जांच भी निःशुल्क की गई।

शिविर में एक्यूप्रेशर प्वाइंट के माध्यम से उपचार की जानकारी देने के साथ रोगानुसार योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। मधुमेह, ब्लड प्रेशर, दमा, माइग्रेन, पथरी, बवासीर, वात-कफ-पित्त संबंधी विकार, चर्म रोग सहित विभिन्न नए-पुराने रोगों से पीड़ित लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।

निःशुल्क चिकित्सा परामर्श, जांच और औषधि प्राप्त करने वाले लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए चिकित्सकों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में पतंजलि चिकित्सालय श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा सहित संस्थान के सहयोगियों, विभिन्न फार्मा संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा।