The Duniyadari: बालोद। गुंडरदेही में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

मामले में उप स्वास्थ्य केंद्र चंदनबिरही में कार्यरत ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक यशवंत साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने को लेकर यशवंत साहू से जानकारी मांगी गई थी। इसी दौरान बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया और यशवंत साहू पर कलेक्टर के प्रति कथित रूप से अभद्र एवं अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप है।
घटना के बाद कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बालोद द्वारा निलंबन आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में यशवंत साहू का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डौंडी निर्धारित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को शासकीय बैठकों में अधिकारियों के साथ अनुशासनहीनता और अमर्यादित आचरण के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
































