Wednesday, August 19, 2026
Home छत्तीसगढ़ महंत का सरकार पर निशाना, मंत्रियों की कार्यशैली और नक्सलवाद को लेकर...

महंत का सरकार पर निशाना, मंत्रियों की कार्यशैली और नक्सलवाद को लेकर उठाए सवाल

9

The Duniyadari: मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने साय सरकार की कार्यशैली को लेकर निशाना साधते हुए मंत्रिमंडल के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मनेंद्रगढ़ में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कई मंत्री जिम्मेदारी के अनुरूप गंभीरता नहीं दिखाते और कई बार बिना पर्याप्त विचार के बयान सामने आ जाते हैं।

डॉ. महंत ने कहा कि मंत्री पद के साथ बड़ी जिम्मेदारियां जुड़ी होती हैं। ऐसे में सार्वजनिक रूप से किसी मुद्दे पर बोलने से पहले उसके प्रभाव और तथ्यों को समझना जरूरी है। उन्होंने मंत्रियों की कार्यशैली को लेकर सरकार पर भी सवाल खड़े किए।

नक्सलवाद को लेकर अलग राय

नेता प्रतिपक्ष ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी सरकार के दावों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद को केवल किसी संगठन की गतिविधि तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसके पीछे एक विचारधारा और मानसिकता भी है। उनके मुताबिक, नक्सली गतिविधियां कमजोर पड़ने के बावजूद यह कहना जल्दबाजी होगी कि नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि किसी विचारधारा का प्रभाव खत्म करने के लिए केवल सुरक्षा कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए लंबे समय तक लगातार प्रयास, विकास और लोगों के बीच विश्वास कायम करने की जरूरत होती है।

सरकार के दावों पर विपक्ष का सवाल

डॉ. महंत के बयान से नक्सलवाद और राज्य सरकार की रणनीति को लेकर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं। जहां सरकार नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा अभियानों के साथ विकास कार्यों को अपनी उपलब्धि के तौर पर सामने रख रही है, वहीं विपक्ष नक्सलवाद के पूरी तरह खत्म होने के दावे पर सवाल उठाता रहा है। महंत की ताजा टिप्पणी इसी राजनीतिक टकराव को और धार दे सकती है।