The Duniyadari: नई दिल्ली/रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हाल ही में नियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली औपचारिक बैठक की। बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
बैठक के दौरान नई टीम के सदस्यों को उनकी भूमिकाओं और संगठन से जुड़ी अपेक्षाओं के बारे में जानकारी दी गई। पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठन को जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय रखने तथा लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया और मीडिया संवाद पर भी फोकस
बैठक में बदलते राजनीतिक माहौल में सोशल मीडिया की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों को पार्टी की गतिविधियों और नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने के साथ मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियां भी बैठकों के एजेंडे में महत्वपूर्ण रहने वाली हैं। अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन की तैयारियों, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों और नई टीम से अपेक्षाओं पर मंथन किया जा रहा है। साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों से भी करेंगे संवाद
नितिन नवीन भाजपा के विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों, प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में राज्यों की संगठनात्मक स्थिति और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा प्रस्तावित है। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। इसके बाद से वे लगातार सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों पर रहे हैं।
65 सदस्यीय नई टीम में 51 नए चेहरे
गौरतलब है कि भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नवीन के नेतृत्व में 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। पार्टी की नई टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है।
छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपक महस्के को सोशल मीडिया टीम की कमान दी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की नई टीम के साथ यह पहली बड़ी बैठक है। ऐसे में इन बैठकों को भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, आगामी चुनावी तैयारियों और आने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रमों की दिशा तय करने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।


































