The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला क्षेत्र में डीजे उपकरण चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए डीजे के सामान की पूरी खेप, जिसकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की है। सामान को ले जाने में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी पुलिस के कब्जे में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में मुखबिर से मिली सूचना अहम साबित हुई। जानकारी मिली थी कि कुछ लोग चोरी का सामान पिकअप में भरकर कुटीघाट के आसपास उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया।
कमरे का ताला तोड़कर उड़ाया था डीजे सामान
पैधारकोसा निवासी सुदर्शन यादव ने पुलिस को बताया था कि 23 अगस्त की रात अज्ञात लोगों ने कमरे का ताला तोड़कर डीजे से जुड़े उपकरण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में तीन एम्प्लीफायर, चार साउंड बॉक्स, एक डीजे मिक्सर और एक एचपी गैस सिलेंडर शामिल था। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
मामले की जांच के दौरान 25 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का सामान पिकअप क्रमांक CG 10 BG 9773 में लादकर कुछ लोग कुटीघाट के पास ग्राहक खोज रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुलमुला से बिलासपुर की दिशा में जा रहे वाहन को रोक लिया।
पिकअप में चालक समेत छह लोग सवार मिले। वाहन की तलाशी लेने पर शिकायत में दर्ज किया गया चोरी का डीजे सामान बरामद हो गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 366/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की। सभी छह आरोपियों को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
- अमर टण्डन (24 वर्ष) — मुलमुला
- विनय सांडिल्य (21 वर्ष) — मुलमुला
- संदीप तिवारी (23 वर्ष) — नरियरा
- इंदल उर्फ इंद्र गुलेरी (25 वर्ष) — रिस्दा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर
- नीरज पाटले (22 वर्ष) — दलदली, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर
- मनीष सिंह बलदेव (22 वर्ष) — भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवनंदन सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, हेमलाल महिलांगे, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, रूद्र कश्यप, अनिल अजगल्ले तथा आरक्षक सनोहर जगत, भूपेन्द्र कंवर और राजेश कश्यप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



































