Friday, August 28, 2026
Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय माहौल में मना रक्षाबंधन, सीएम साय ने बहनों...

मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय माहौल में मना रक्षाबंधन, सीएम साय ने बहनों का लिया आशीर्वाद

6

The Duniyadari: रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का यह स्नेह उन्हें प्रदेश की सेवा के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

जवानों के सम्मान में बांधी राखी

मुख्यमंत्री ने ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि महिलाओं ने सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ और आईटीबीपी समेत विभिन्न सुरक्षा बलों के करीब 1600 जवानों को राखी बांधी। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा करने वाले जवानों के प्रति सम्मान जताना सभी का दायित्व है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

सीएम साय ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन से पहले 25 अगस्त को योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ को 8 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने ड्रोन दीदी, ई-रिक्शा दीदी और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के बढ़ते आत्मनिर्भरता के कदमों को भी रेखांकित किया।

महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन

सीएम ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में महिला उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन दिए गए हैं। महिलाओं के नाम जमीन की रजिस्ट्री पर 50 प्रतिशत पंजीयन शुल्क की छूट का भी प्रावधान है। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार के साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विकसित छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने रक्षाबंधन पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति के सशक्तिकरण से ही सशक्त परिवार, समृद्ध समाज और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।