The Duniyadari: कोरबा। शहर के न्यू दिल्ली स्वीट्स की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर विभागीय अमला प्रतिष्ठान पहुंचा और वहां खाद्य सामग्री तैयार करने से लेकर साफ-सफाई तक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान स्वच्छता और हाइजीन से जुड़ी कुछ खामियां अधिकारियों के संज्ञान में आईं। इसके बाद प्रतिष्ठान संचालक को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की जातीं, तब तक प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की बिक्री और खरीद पर प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।
विभागीय टीम ने वायरल वीडियो में उठाए गए बिंदुओं को भी जांच के दायरे में रखा। मौके पर स्थिति का परीक्षण करने के बाद कमियों को दूर करने के लिए संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विभाग की कार्रवाई के बाद अब प्रतिष्ठान को दोबारा खाद्य कारोबार शुरू करने से पहले निर्धारित मानकों पर खरा उतरना होगा।
प्रेम जनरल स्टोर से चायपत्ती का सैंपल
इसी अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम ने दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर का भी निरीक्षण किया। शिकायत के आधार पर दुकान से चायपत्ती का नमूना लिया गया है। इसे गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि संबंधित उत्पाद निर्धारित खाद्य गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से शहर के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। विभाग ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता अथवा खाद्य सुरक्षा को लेकर शिकायत मिलने पर मौके की जांच की जाएगी और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई होगी।















