Sunday, November 22, 2026
Home कोरबा मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद पटवारियों की 41 दिन पुरानी हड़ताल स्थगित,...

मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद पटवारियों की 41 दिन पुरानी हड़ताल स्थगित, कल से लौटेंगे काम पर

5

The Duniyadari: पदोन्नति और वेतन विसंगति के समाधान के लिए कमेटी बनाने का आश्वासन, कार्रवाई निरस्त करने पर भी बनी सहमति

कोरबा। छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी राजस्व पटवारियों का आंदोलन आखिरकार स्थगित हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और मांगों पर मिले आश्वासन के बाद राजस्व पटवारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कोरबा जिले के पटवारी भी सोमवार से अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में पहुंचकर नियमित शासकीय कामकाज संभालेंगे।

राजस्व पटवारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष भागवत प्रसाद कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लंबित मांगों पर चर्चा की। इस दौरान पदोन्नति और वेतन विसंगति जैसे मुद्दों के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने का भरोसा दिया गया। खास बात यह है कि कमेटी में पटवारियों का पक्ष भी शामिल किया जाएगा और उसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी।

वहीं, आंदोलन के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को निरस्त करने के लिए भी जल्द आदेश जारी करने का आश्वासन मिला है। इन सहमतियों के बाद प्रांतीय नेतृत्व ने 41 दिनों से जारी आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया।

प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर कोरबा जिला इकाई ने भी तत्काल प्रभाव से हड़ताल स्थगित कर दी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि सभी पटवारी अगले दिन से अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर उपस्थित होकर शासकीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

इस मौके पर जिला इकाई ने आंदोलन के दौरान समर्थन देने वाले विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रति आभार जताया। संघ ने कहा कि सहयोगी संगठनों की एकजुटता और नैतिक समर्थन ने 41 दिनों तक चले संघर्ष को मजबूती प्रदान की।