The Duniyadari: शादी की खुशियों की तैयारी पर हाथियों ने फेरा पानी, नौ बोरी चावल भी किए बर्बाद; ग्रामीणों में बढ़ी दहशत
कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदुर वन क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। बीती रात चार हाथियों का दल केसमरदा गांव पहुंच गया। यहां हाथियों ने बस्ती में घुसकर दो मकानों को नुकसान पहुंचाया और घरों में रखे अनाज को भी तहस-नहस कर दिया। अचानक हुई इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बैगा परिवारों के सदस्य अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान हाथियों का दल गांव में दाखिल हुआ। हाथियों की आहट और घरों में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर ग्रामीणों की नींद खुल गई। जान बचाने के लिए लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
इस घटना में बुधसिंह बैगा के घर को भी नुकसान पहुंचा है। बताया गया कि उनके परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और आयोजन के लिए नौ बोरी चावल जमा करके रखे गए थे। हाथियों ने घर में रखे चावल को बिखेरकर खराब कर दिया। परिवार की तैयारियों को इस घटना से बड़ा नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का खतरा लगातार गंभीर होता जा रहा है। करीब एक सप्ताह पहले बनगौरा-दलदली इलाके में हाथियों के हमले में मितानिन बैगिनबाई की जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने वनांचल के गांवों में भय का माहौल बना दिया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने, हाथियों के नजदीक नहीं पहुंचने और किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल वन अमले को देने की अपील की है।



















