Saturday, November 28, 2026
Home सूरजपुर जुआ कारोबार पर पुलिस अधीक्षक का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 5...

जुआ कारोबार पर पुलिस अधीक्षक का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित

8

The Duniyadari: सूरजपुर में अवैध जुआ फड़ पर छापेमारी के बाद विभाग में मचा हड़कंप, पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर हुई कार्रवाई।

सूरजपुर जिले में अवैध जुआ गतिविधियों को लेकर पुलिस विभाग के भीतर बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रतापपुर क्षेत्र में चल रहे जुआ कारोबार की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने थाना प्रभारी सहित पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को प्रतापपुर बस स्टैंड के आसपास जुआ संचालित होने की सूचना मिलने पर एसपी ने जिला स्तर की विशेष टीम को मौके पर भेजा था। टीम की दबिश में सात लोग जुआ खेलते पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान उनके पास से 99 हजार 600 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से जुआ खेलने से संबंधित अन्य सामग्री भी जब्त की।

जांच के दौरान पुलिस को आशंका हुई कि प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल के माध्यम से यह जुआ गतिविधि संचालित की जा रही थी। मामले में स्थानीय थाने के कुछ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई। इसके बाद एसपी ने विभागीय अनुशासन के तहत तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।

निलंबित होने वालों में प्रतापपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना, उप निरीक्षक विवेक खलखो तथा आरक्षक राजेश तिवारी, भीमेश रामो और राजकुमार पासवान शामिल हैं। सभी को रक्षित केंद्र सूरजपुर में संबद्ध किया गया है।

आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।