Wednesday, March 4, 2026
Home देश ब्रेकिंग: नीतीश कुमार ने NDA की राष्ट्रपति पद उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू के...

ब्रेकिंग: नीतीश कुमार ने NDA की राष्ट्रपति पद उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू के समर्थन का किया ऐलान

187

नई दिल्ली। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने NDA की राष्ट्रपति पद उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू का स्वागत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। नीतीश कुमार ने भी एक फेसबुक पोस्ट के जरिए इस बात का खुलासा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके बारे में पहले ही जानकारी दे दी थी।

नीतीश ने लिखा है कि ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना खुशी की बात है। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी एक आदिवासी महिला हैं। एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाना अत्यंत प्रसन्नता की बात है।

श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उड़ीसा सरकार में मंत्री तथा इसके पश्चात् झारखण्ड की राज्यपाल भी रह चुकीं हैं। कल प्रधानमंत्री जी ने बात कर इसकी जानकारी दी थी कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी को भी इसके लिए हृदय से धन्यवाद।’

JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने बुधवार को दोपहर 12:44 मिनट पर एक के बाद एक दो ट्वीट करते हुए इस बात का ऐलान कर दिया कि राष्ट्रपति पद के लिए जो पीएम नरेंद्र मोदी यानि बीजेपी की पसंद हैं, उससे इस दफे सीएम नीतीश कुमार को कोई गुरेज नहीं है।

द्रौपदी मूर्मू की तस्वीर के साथ ललन सिंह ने पहले ट्वीट में लिखा कि ‘राष्ट्रपति के चुनाव में गरीब परिवार में जन्मी एक आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी सिद्धांततः महिला सशक्तिरण एवं समाज के शोषित वर्गों के प्रति समर्पित रहे हैं।’

इसके ठीक बाद ललन सिंह ने दूसरा ट्वीट किया कि ‘जनता दल (यू) श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीदवारी का स्वागत एवं समर्थन करती है। राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाये जाने पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’ इस तरह से नीतीश ने द्रौपदी मूर्मू की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के समर्थन पर अपनी मुहर लगा दी।

इसलिए नीतीश कुमार के फैसले पर थी सबकी नजर

बता दें कि, नीतीश कुमार राष्ट्रपति चुनाव में अपने निर्णयों से चौंकाते रहे हैं।
पिछले राष्ट्रपति चुनाव में जब नीतीश कुमार आरजेडी के साथ मिलकर सरकार चला रहे, थे तो उन्होंने अलग लाइन लेते हुए एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का समर्थन किया था।

इससे पहले, 2012 में जब नीतीश कुमार बिहार में बीजेपी के साथ सरकार चला रहे थे और उस वक्त प्रणब मुखर्जी यूपीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार बने थे, तो नीतीश ने बीजेपी से अलग लाइन लेते हुए प्रणब मुखर्जी का राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन किया था। लेकिन इस बार NDA की राष्ट्रपति पद उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मू को समर्थन का ऐलान कर दिया है।