सीजी न्यूज: वसूली करने गए लकड़ी व्यापारी की हत्या, खदान के पास मिली लाश

170

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के धौराभाठा (परसाही) गांव के पास वसूली करने गए लकड़ी व्यापारी की लाश संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान ईश्वर साहू (36 साल) निवासी अंडा के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक परसाही में एक लकड़ी व्यापारी के पास 30 हजार रुपए की वसूली करने आया था। इसके बाद अगले दिन शुक्रवार सुबह उसका शव खदान के पास पड़ा मिला।

उतई थाना प्रभारी ने बताया कि, ईश्वर साहू लकड़ी खरीदी और बिक्री करने का काम करता था। उसने उतई के परसाही में एक व्यापारी को लकड़ी दिया था। उसका 30 हजार रुपए उसे लेना था। रकम की वसूली के लिए वह परसाही पहुंचा था।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि लकड़ी व्यापारी ने ईश्वर को 30 हजार रुपए दे दिए थे। इसके बाद वह वहां चला गया था। उसके बाद उसके साथ क्या हुआ, उसकी हत्या किसने की इन सवालों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।