Saturday, March 14, 2026
Home Breaking जज से तंग आकर पुलिसकर्मी ने की आत्महत्या करने की कोशिश…

जज से तंग आकर पुलिसकर्मी ने की आत्महत्या करने की कोशिश…

165

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले (Aligarh) में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दारोगा न्यायालय में चोरी के आरोपियों को लेकर हुईं बातें सुनकर इतना नाराज हो गया कि वह रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गया. गनीमत रही कि ट्रैक पर ट्रेन आने से पहले स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने नाराज दारोगा को समझा-बुझाकर शांत किया और रेलवे ट्रैक से वापस लाए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी में सचिन कुमार उप निरीक्षक के पद पर तैनात है. सचिन कुमार का कहना है कि बीते दिन वह पांच बाइक चोरों को लेकर रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में गया था.

दारोगा ने कहा कि जिन चोरों को पकड़ा गया था, उनके पास से सात बाइकें भी बरामद हुई थीं. इसके बाद उसके द्वारा रिमांड के लिए सभी अभिलेख पेश करते हुए याचना की गई, लेकिन कोर्ट में उससे कहा गया कि तुम फर्जी अभियुक्तों को लेकर आए हो.

दारोगा सचिन कुमार ने कहा है कि कोर्ट में उसे 10 बजे तक रोककर रखा गया. इसी के साथ उसे जमकर फटकार लगाई गई और कहा गया कि फर्जी मुल्जिमों को पकड़कर लाए हो. सचिन कुमार ने कहा कि कोर्ट में इन बातों से आहत होकर वह आत्महत्या के लिए रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचा और पटरियों पर बैठ गया.

इसकी मामले की जानकारी जब स्थानीय थाने की पुलिस को हुई तो पुलिसकर्मी दौड़े-दौड़े रेलवे ट्रैक पर पहुंचे. वहां जाकर देखा तो दारोगा सचिन रेलवे ट्रैक पर बैठा था. पुलिस अफसरों ने दारोगा सचिन कुमार को समझा-बुझाकर शांत किया और वापस लेकर चले गए.