Sunday, October 25, 2026
Home देश Ahmed Patel: दिवंगत कांग्रेस नेता अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल के...

Ahmed Patel: दिवंगत कांग्रेस नेता अहमद पटेल के बेटे फैजल पटेल के बागी सुर, बोले- भरूच से हर हाल में लड़ूंगा चुनाव

462

नई दिल्ली/भरूच। Ahmed Patel: आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में हुई सीट शेयरिंग पर गुजरात में संकट के बादल हैं। कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल के बेटे फैजल ने भरूच सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। खास बात है कि यह सीटों के बंटवारे के दौरान यह सीट आप के खाते में आई है। जबकि, यह पटेल परिवार की पारंपरिक सीट मानी जाती है, जहां भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से लगातार जीत रही है।

कांग्रेस ने दो सीटें आप को देने का फैसला किया है। इनमें भरूच और भावनगर शामिल है। जबकि, गुजरात में कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस और आप के बीच हरियाणा, गोवा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए भी सीट शेयरिंग हो चुकी है। शनिवार को दोनों दलों ने इसपर मुहर लगाई।

मीडिया से बातचीत में फैजल ने कहा, चाहे जो हो, मैं यह संसदीय चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने बताया कि इस सीट का परिवार से भावनात्मक लगाव है, जिसके चलते आप और कांग्रेस का गठबंधन होने के बाद भी यहां से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने भाजपा या किसी अन्य दल में जाने से भी इनकार कर दिया है।

फैजल ने कहा कि क्षेत्र में उनकी तरफ से लगातार किए गए कामों और क्षेत्र की भावनाओं के चलते यह सीट जीती जा सकती है। बता दें कि पटेल कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार थे।