The Duniyadari: *दावा-आपत्ति 27 मार्च तक आमंत्रित*
कोरबा 19 मार्च 2026/
प्रगतिशील बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति मर्यादित हरदी बाजार विकासखण्ड पाली पंजीयन क्रमांक 376 अंतर्गत मतदाता सूची का प्रकाशन 19 मार्च 2026 को किया गया है। प्रकाशित सूची के सम्बंध में सदस्यों से दावा-आपत्ति 27 मार्च 2026 तक आमंत्रित किया गया है।
रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि दावा-आपत्ति लिखित में मय प्रमाण के साथ सोसायटी के सदस्य श्री मंजीत यादव के पास 27 मार्च 2026 तक कार्यालयीन समय पर प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा-आपत्तियों का निराकरण सोसायटी कार्यालय में 28 मार्च को प्रातः 12 बजे से किया जायेगा।
The Duniyadari: *लखपति दीदी बनकर उभरीं सावित्री बिस्वास, गांव में बनीं बदलाव की पहचान’*
*सफलता से प्रेरित होकर महिलाएं भी बढ़ीं स्वरोजगार की ओर’*
कोरबा 19 मार्च 2026/
कभी अभावों और आर्थिक तंगी में गुजर-बसर करने वाली एक साधारण ग्रामीण महिला, आज अपनी मेहनत और हौसले के दम पर सफलता की नई इबारत लिख रही है। अवसर मिला, तो उसे पहचाना; मार्गदर्शन मिला, तो उसे अपनाया और फिर एक समय आया जब पीछे मुड़कर नहीं देखा। यह कहानी है श्रीमती सावित्री बिस्वास की, जिनका जीवन बिहान योजना के सहयोग से संघर्ष से सफलता की प्रेरक यात्रा बन गया है। राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित बिहान योजना का प्रभाव अब गांव-गांव में दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रही हैं।
इसी कड़ी में विकासखण्ड कोरबा के ग्राम पंचायत गुरमा की निवासी श्रीमती सावित्री बिस्वास आज एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी हैं। एक समय था जब सीमित आय, आर्थिक असुरक्षा और स्थायी आजीविका के अभाव में उनका जीवन संघर्षों से घिरा हुआ था। परिवार की जिम्मेदारियों और संसाधनों की कमी के कारण जीवनयापन कठिन हो गया था, लेकिन स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया। बिहान योजना के अंतर्गत उन्हें वित्तीय साक्षरता, समूह प्रबंधन, उद्यम विकास एवं आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त हुए, जिससे उनमें आत्मविश्वास का संचार हुआ। जिला प्रशासन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से उनके समूह को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जिससे रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि एवं बैंक ऋण की सुविधा मिली। उन्होंने अपने छोटे से किराना दुकान से व्यवसाय की शुरुआत की। लगभग 60 हजार रुपये से फैंसी स्टोर और किराना दुकान शुरू करते हुए उन्होंने धीरे-धीरे अपने व्यवसाय का विस्तार किया। एक लाख रुपये लेकर चप्पल दुकान खोली और आय बढ़ाने के लिए सीएलएफ से दो लाख रुपये का ऋण लेकर कृषि केंद्र का दुकान स्थापित किया। आगे अवसर को पहचानते हुए उन्होंने बैंक एवं सीएलएफ से लगभग 6 लाख रुपये का ऋण लेकर मेडिकल दुकान और कृषि सेवा केंद्र का विस्तार किया।
आज वे फैंसी स्टोर, कपड़ा दुकान, चप्पल दुकान, राशन दुकान, बर्तन दुकान, मेडिकल स्टोर एवं कृषि सेवा केंद्र सहित विभिन्न गतिविधियों का सफल संचालन कर रही हैं। उनके निरंतर परिश्रम, सही मार्गदर्शन और समय-समय पर मिली वित्तीय सहायता का ही परिणाम है कि उनकी वार्षिक आय लगभग 7.70 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। इस आर्थिक सशक्तिकरण का सकारात्मक प्रभाव उनके परिवार पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल रहे हैं एक बच्चा बी. फार्मेसी, बेटी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है, वहीं छोटा बच्चा चॉइस सेंटर का संचालन कर आत्मनिर्भर बन रहा है। यह उपलब्धि उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है।
श्रीमती बिस्वास अब सामाजिक रूप से भी सशक्त हो चुकी हैं। वे अपने गांव की अन्य महिलाओं को स्व-सहायता समूह से जुड़ने, बचत करने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनके प्रयासों से प्रेरित होकर गांव की कई महिलाएं किराना दुकान, होटल संचालन, कपड़ा एवं चप्पल व्यवसाय जैसे कार्यों से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य सरकार, जिला प्रशासन कोरबा को देती हैं, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से उनका जीवन बदला और वे आत्मनिर्भर बन सकीं।
The Duniyadari: बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने प्रेम संबंध में आई खटास से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक ने अपनी प्रेमिका के घर के बाहर ही जहर सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान हिमांशु मौर्य (23) के रूप में हुई है, जो तोकापाल का रहने वाला था और फिलहाल जगदलपुर के धरमपुरा इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसका एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। युवती द्वारा दूरी बनाए जाने से युवक मानसिक तनाव में था।
घटना के दिन वह सीधे युवती के घर पहुंचा और कुछ देर बाहर रहने के बाद जहर खा लिया। थोड़ी ही देर में उसकी हालत बिगड़ गई और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परपा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
The Duniyadari: *पीएम आवास योजना ने हमारे सपनों को किया सच- हितग्राही श्री मेलाराम*
कोरबा 19 मार्च 2026/
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 ने जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर के सपनों को नई उड़ान दी है। कोरबा नगर के बुधवारी क्षेत्र में रहने वाले श्री मेला राम साहू ने भी इस योजना का लाभ लेकर वर्षों से संजोया अपना घर बनाने का सपना पूरा किया है, जो पेशे से कारपेंटर का कार्य करते हैं, वर्षों से अपने परिवार के लिए एक पक्के घर का सपना संजोए हुए थे। चार सदस्यों के इस छोटे से परिवार के लिए पुराने मकान में जीवन यापन करना कई चुनौतियों से भरा हुआ था। सीमित आय के कारण एकमुश्त बड़ी राशि जुटाकर पक्का घर बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पा रहा था।
इसी बीच प्रधानमंत्री आवास शहरी 2.0 योजना के अंतर्गत हुए सर्वे में उनका नाम शामिल हुआ। आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के बाद वर्ष 2025-26 में उनका आवास स्वीकृत हो गया। प्रथम किश्त की राशि खाते में आते ही नींव डालने का काम शुरू हुआ और देखते ही देखते उनके आवास का कार्य तेजी से पूरा होने लगा। योजना के तहत उन्हें तीनों किश्तों की राशि समय पर प्राप्त हुई, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। सरकार की इस आर्थिक सहायता के साथ-साथ अपनी जमा पूंजी जोड़कर श्री मेला राम साहू ने अपने सपनों का पक्का घर तैयार कर लिया। जुलाई 2025 में उनका नया आवास पूरी तरह बनकर तैयार हो गया। आज उनका पूरा परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सुकून भरे वातावरण में नए घर में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। लाभार्थी श्री मेला राम ने बताया कि अपना पक्का घर होना हर परिवार का सबसे बड़ा सपना होता है। हम लंबे समय से इस बारे में सोच रहे थे, लेकिन आर्थिक स्थिति बाधा बन रही थी। उन्होंने कहा पीएम आवास योजना ने हमारे सपनों को साकार कर दिया। हितग्राही श्री साहू ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगो के पक्के आवास के सपने को पूरा करने चलाए जा रहे इस योजना के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि यह योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक वरदान साबित हो रही है।
जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत जटगा के आश्रित ग्राम बांधापारा में रहने वाली अनिता बाई का जीवन कभी बहुत संघर्षों से भरा था। तीन बच्चों की माँ अनिता बाई के लिए महीने में एक हजार रुपये जुटा पाना भी बेहद कठिन होता था। गांव में काम-धंधे की उपलब्धता कम होने के कारण वह अपने परिवार का गुज़ारा मुख्य रूप से जंगल से मिलने वाले चरोटा बीज और अन्य वनोपजों को इकट्ठा कर बेचकर करती थीं। चरोटा बीज वे बाजार में 25 रुपये किलो में बेचती हैं, इसके अलावा अन्य वनोपज भी बेचती है। जिससे परिवार का खर्च बड़ी मुश्किल से चलता था।
इसी बीच छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना से उनका नाम जुड़ गया, और यहीं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत हुई। योजना के तहत मिलने वाली महीने की एक हजार रुपये की सहायता राशि उनके लिए आर्थिक संबल बन गई। अनिता बाई बताती हैं कि गाँव में जहां छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी रुपये जुटाना कठिन था, वहीं योजना से मिलने वाली यह राशि घर के आवश्यक खर्चों को पूरा करने में बड़ी मदद करती है।
आंगन में चरोटा बीज साफ करते हुए अनिता बाई मुस्कुराकर कहती हैं इसका हमेशा डिमांड रहता है, इसे बेचकर थोड़ी आमदनी हो जाती है, लेकिन महतारी वंदन का पैसा मिलने से घर चलाना अब पहले की तरह मुश्किल नहीं रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने हम जैसी महिलाओं के लिए सच में बड़ा सहारा दिया है।
अनिता बाई ही नहीं, उनके पति राम सिंह भी इस परिवर्तन को महसूस करते हैं। वे बताते हैं कि अब छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें अलग से पैसा नहीं देना पड़ता और घर में आर्थिक तनाव कम हुआ है। साथ ही वे खुशी जाहिर करते हुए बताते हैं कि उनका पीएम आवास भी स्वीकृत हो चुका है, और पक्का घर बनने का काम जारी है। आने वाले समय में उन्हें अपना खुद का मजबूत और सुरक्षित घर मिलने की उम्मीद है।
वनोपज संग्रह, चरोटा बिक्री और सरकारी योजनाओं के सहयोग से अनिता बाई आज अपने परिवार को बेहतर भविष्य देने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। महतारी वंदन योजना ने न सिर्फ उन्हें आर्थिक सहारा दिया, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखाई है।
जिले में भीषण गर्मी और ताप की लहर की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नगर सेना द्वारा बचाव हेतु उपाय के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किया गया है। उनके द्वारा भीषण गर्मी-ताप की लहर से बचने के संबंध में गर्मी के पहले एवं गर्मी के दौरान सुरक्षा उपाय के संबंध में कहा गया है कि जहां तक संभव हो दोपहर 12 से 3 बजे के बीच तेज धूप में जाने से बचें, प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पर्याप्त पानी पीते रहें और यात्रा के दौरान पानी साथ रखनें, हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर को कपड़े या टोपी से ढकने तथा धूप में चश्मा और छाता इस्तेमाल करने एवं जूते चप्पल पहनने की सलाह दी गई है।
गर्मी के मौसम में खानपान को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा गया है। हल्का भोजन करें और पानी से भरपूर फल जैसे खरबूजा, ककड़ी और खट्टे फल अधिक लें। नींबू पानी, छाछ और जूस जैसे पारंपरिक पेय पदार्थों का सेवन करें, जबकि मांस और अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों से बचें। बाहर का खाना और बासी खाना खाने से परहेज करने की भी सलाह दी गई है। प्रशासन ने घरों को ठंडा रखने के लिए पर्दे, सनशेड और वेंटिलेशन का उपयोग करने को कहा है। साथ ही बच्चों और पालतू जानवरों को बंद वाहनों में नहीं छोड़ने और पशुओं को छाया एवं पर्याप्त पानी उपलब्ध कहा गया हैं। स्थानीय मौसम पूर्वानुमानों को सुनने व आगामी तापमान परिवर्तनों सें अवगत रहने की सलाह दी गई है। बिमारी व चक्कर आने या अचेतना अवस्था के मामले में डाक्टर से परामर्श व तत्काल चिकित्सा सहायता लेने का आग्रह किया गया है।
हीट स्ट्रोक की स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत ठंडी या छायादार जगह पर लिटाने, पैरो को थोड़ा ऊपर उठाकर लिटाने, शरीर को ठंडे पानी से ठंडा करने और ओआरएस या नमक-चीनी का घोल देने की सलाह दी गई है। यदि व्यक्ति बेहोश हो तो उसे कुछ भी खाने-पीने को नहीं दें और जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। स्थायी विंडो रिफलेक्टर जिसे एल्यूमिनियम कॉयल से ढके कार्डबोर्ड आदि का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। खिड़कियों को पर्दा छाये से ढंकने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें और आसपास के बुजुर्ग, बीमार या कमजोर लोगों का विशेष ध्यान रखें। जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार की जानकारी भी रखें, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
The Duniyadari: कोरबा जिला जेल में चैत्र नवरात्रि पर्व का शुभारंभ भक्तिमय माहौल में किया गया। पूरे नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए जेल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं, जिससे परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहे।
जेल में महिला और पुरुष बंदियों के लिए उपवास रखने की सुविधा भी दी गई है। उपवास करने वाले कैदियों के लिए अलग से भोजन व्यवस्था तय की गई है। इसमें फलाहार के रूप में दूध, फल, साबूदाना और आलू से बने व्यंजन शामिल किए गए हैं, जिन्हें निर्धारित समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, जेल में करीब 200 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें से 6 कैदियों—2 महिला और 4 पुरुष—ने नवरात्रि व्रत रखने की इच्छा जताई थी। इसके बाद जेल प्रबंधन ने उनकी स्वास्थ्य जांच कराई, जिसमें उपवास के लिए उनकी शारीरिक स्थिति अनुकूल पाई गई। जांच के बाद उन्हें व्रत रखने की अनुमति दे दी गई।
जेल प्रभारी अमितेश साहू ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के तहत उपवास रखने वाले बंदियों के लिए अलग से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही, पूजा-पाठ के लिए जरूरी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धा और अनुशासन के साथ नवरात्रि पर्व मनाया जा सके।
The Duniyadari: धमतरी जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में अर्जुनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हरफतराई गांव के पास मुख्य नहर पार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से शराब की अवैध बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास बैंगनी रंग के पिट्ठू बैग में रखी 31 पौवा देशी शराब बरामद हुई। साथ ही बिक्री से प्राप्त 3,400 रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 55,880 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अर्जुनी थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान टिकेश्वर साहू (38 वर्ष), निवासी ग्राम डोडकी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
The Duniyadari: पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान 2026 जवाली मंडल में संपन्न – कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
कोरबा। कटघोरा विधानसभा अंतर्गत जवाली मंडल में परम् श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत “अंत्योदय से संतृप्ति अभियान” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पार्षद नरेंद्र देवांगन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही अंत्योदय का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु है, जो योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर लोगों को सशक्त बनाने का कार्य करता है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर पात्र हितग्राहियों की पहचान करें और उन्हें योजनाओं से जोड़कर “संतृप्ति अभियान” को सफल बनाएं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्रवण तंवर, मंडल महामंत्री महेंद्र कुमार यादव, विरेतु नामदेव, युवा मोर्चा अध्यक्ष हरीश कश्यप, महिला मोर्चा अध्यक्ष लीला राजवाड़े सहित भाजपा जवाली मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
The Duniyadari: Raipur- राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और एकरूपता लाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने “छत्तीसगढ़...