Home Blog Page 116

आदिवासी महिला से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

The Duniyadari: बालोद। जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां तीन युवकों पर आदिवासी महिला का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पीड़िता ने थाना बालोद में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 22 फरवरी की रात करीब 9 बजे गांव के विकास सिन्हा, रोशन कुमार साहू और कमल कुमार सेन उसे जबरन घर से उठाकर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने उसे करीब तीन घंटे तक अपने कब्जे में रखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की। इस दौरान उसे पेट, बाएं घुटने और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर बालोद थाने में अपराध क्रमांक 107/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास सिन्हा और कमल कुमार सेन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को 14 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी रोशन कुमार साहू की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही

पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: कलेक्टर

The Duniyadari: रायगढ़। जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इसकी नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित होकर अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का भंडारण न करें।

छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशों के बाद कलेक्टर ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि ऑयल कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और जिले में आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है।

प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम लोगों के बीच इस संबंध में व्यापक जानकारी दी जाए, ताकि अनावश्यक रूप से एलपीजी की ऑनलाइन बुकिंग या पेट्रोल-डीजल की अधिक खरीद जैसी स्थिति न बने। खाद्य विभाग के मॉड्यूल के माध्यम से प्रतिदिन जिले में उपलब्ध स्टॉक, बिक्री और शेष मात्रा की निगरानी की जा रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके।

कलेक्टर ने खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों को अवैध भंडारण और दुरुपयोग पर सख्ती से निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध स्थानों की पहचान कर नियमित जांच और जरूरत पड़ने पर छापेमारी की कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था भी की गई है। पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता या वितरण से जुड़ी समस्या होने पर लोग खाद्य विभाग के कॉल सेंटर नंबर 1800-233-3663 और 1967 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0771-2511975 भी जारी किया गया है।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि कॉल सेंटर में दर्ज शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के भीतर किया जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी विभागीय डैशबोर्ड में दर्ज की जाए। साथ ही एलपीजी बुकिंग, वितरण और सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों को गैस एजेंसियों, उचित मूल्य दुकानों और अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों का उपयोग करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

पुलिस लाइन दफ्तर में निकला 4 फीट का कोबरा, अलमारी के पीछे बैठा मिला, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

The Duniyadari: कोरबा। रक्षित केंद्र पुलिस लाइन स्थित दफ्तर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अलमारी के पीछे करीब चार फीट लंबा कोबरा सांप दिखाई दिया। दफ्तर में मौजूद कर्मचारियों ने अलमारी खोलते ही तेज फुंकार की आवाज सुनी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तुरंत स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को दी गई। सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।

रेस्क्यू के बाद सांप को किसी को नुकसान पहुंचाए बिना जंगल में छोड़ दिया गया। इसके बाद दफ्तर में मौजूद पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन परिसर नर्सरी और हरियाली वाले क्षेत्र से लगा हुआ है, जिसकी वजह से यहां पहले भी सांप निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि कोबरा बेहद जहरीला सांप होता है, लेकिन यह आमतौर पर खुद से हमला नहीं करता। छेड़छाड़ करने या अचानक पैर पड़ने पर ही यह आक्रामक हो जाता है, इसलिए ऐसे मामलों में तुरंत विशेषज्ञों को सूचना देना ही सबसे सुरक्षित तरीका होता है।

कोरबा में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

The Duniyadari: कोरबा। जिले में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। सभी आरोपी सूने मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।

जानकारी के मुताबिक रामपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दो चोरी के मामले दर्ज किए गए थे। पीड़ित अमित दिवाकर और नंद कुमार ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च 2026 को वे परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घरों के ताले तोड़कर अंदर घुसकर सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर ताले टूटे देखकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर बेन्द्रकोना निवासी सुमित्रा रात्रे (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार सुमित्रा रात्रे के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।

इसी तरह मानिकपुर क्षेत्र में भी एक मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में पुलिस ने आकाश मरावी (19), रोहित शर्मा (19) और निखिल वर्मन (21) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और नगदी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन रामपुर थाना और मानिकपुर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इन घटनाओं का पर्दाफाश किया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

सीएसईबी कॉलोनी में मीडियाकर्मी का शव मिला, कमरे का दरवाजा तोड़कर परिजनों ने देखा दृश्य

The Duniyadari: कोरबा। शहर की सीएसईबी कॉलोनी में रविवार को एक 26 वर्षीय मीडियाकर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मृतक की पहचान इमानुएल तांडी के रूप में हुई है, जो स्थानीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कैमरामैन के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि उसके पिता सीएसईबी में कार्यरत थे और सेवानिवृत्ति के बाद परिवार दूसरे मकान में रहने लगे थे, जबकि इमानुएल कभी-कभी पुराने क्वार्टर में आकर रुक जाया करता था।

परिजनों के मुताबिक जब लंबे समय तक फोन करने पर भी इमानुएल ने कॉल रिसीव नहीं किया तो उन्हें चिंता हुई। इसके बाद वे क्वार्टर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका होने पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां इमानुएल का शव कमरे के भीतर पड़ा मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही उसके माता-पिता और बहन भी मौके पर पहुंच गए। इमानुएल परिवार का इकलौता बेटा था, जिसकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। डॉक्टरों की जांच में उसे मधुमेह (शुगर) की बीमारी होने की पुष्टि हुई थी।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

चलती कार में अचानक लगी आग, हाईवे पर मचा हड़कंप

The Duniyadari: दंतेवाड़ा। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बास्तानार घाट के पास नेशनल हाईवे-63 पर दौड़ रही एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग इतनी तेजी से फैल गई कि पूरी कार आग की लपटों में घिरकर धू-धू कर जलने लगी।

घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर अचानक हुई इस घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के साथ हालात को संभालने में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

सरकारी राशन घोटाले का खुलासा: उचित मूल्य दुकान से चावल की हेराफेरी, 50 से ज्यादा बोरी जब्त

The Duniyadari: बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रसेड़ी में संचालित एक उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके से चावल से भरे एक वाहन को जब्त कर लिया गया। पूरे मामले की जांच खाद्य विभाग द्वारा की जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान के संचालक द्वारा हितग्राहियों को तय मात्रा से कम राशन दिया जा रहा था। लोगों का कहना है कि बचा हुआ चावल इकट्ठा कर उसे बाहर बेचने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच ग्रामीणों ने दुकान के सामने एक वाहन में बड़ी मात्रा में चावल लोड होते देखा, जिससे उन्हें संदेह हुआ।

मामले की जानकारी तुरंत ग्राम सरपंच को दी गई। सूचना मिलते ही सरपंच ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को वहीं रोक दिया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 50 से अधिक बोरियों में चावल भरा मिला।

इसके बाद सरपंच ने पूरे घटनाक्रम की सूचना खाद्य विभाग को दी। जानकारी मिलते ही खाद्य निरीक्षक मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने सरपंच और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए तथा प्रारंभिक जांच के बाद चावल से लदे वाहन को जब्त कर लिया।

खाद्य विभाग का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के आधार पर यदि गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष के घर छापा, उज्ज्वला योजना के 37 गैस सिलेंडर बरामद

Screenshot

The Duniyadari: भागलपुर। शहर में उज्ज्वला योजना से जुड़े गैस सिलेंडरों की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। प्रशासन की छापेमारी में भाजपा के एक जिला उपाध्यक्ष के घर से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले रसोई गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से जमाखोरी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर अधिकारियों की टीम ने हबीबपुर थाना क्षेत्र के वारसलीगंज इलाके में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार के घर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घर से 37 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। 

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए अधिकांश सिलेंडर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के नाम पर जारी किए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इन सिलेंडरों की अवैध तरीके से जमाखोरी कर उन्हें दूसरे लोगों को बेचने की तैयारी की जा रही थी। 

प्रशासन ने इस मामले में गैस एजेंसी से जुड़े एक वेंडर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जांच पुलिस को सौंप दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  

CG में सनसनी: किराए के मकान में पिता-पुत्र के शव मिले, जहर खाकर आत्महत्या की आशंका

The Duniyadari: दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक किराए के मकान से पिता और पुत्र के शव बरामद हुए। मामला आपापुरा के भोईपारा इलाके का है, जहां दोनों कई महीनों से किराए के कमरे में रह रहे थे। पुलिस को शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका लग रही है।

जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान 70 वर्षीय अरुण टंडिया और उनके 35 वर्षीय बेटे पंकज टंडिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ समय पहले ही भोईपारा में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी अन्य इलाके में रहते थे।

शनिवार सुबह पड़ोसियों को तब शक हुआ जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति संदिग्ध लगने पर स्थानीय पार्षद को सूचना दी गई। पार्षद ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। कमरे के भीतर पिता और पुत्र दोनों मृत अवस्था में पड़े मिले। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे आत्महत्या की आशंका और मजबूत हो गई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

‘ऑनर किलिंग’ की सनसनीखेज वारदात, पिता ने बेटी और उसके प्रेमी की कर दी हत्या

The Duniyadari: गुजरात। कच्छ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और इसे ‘ऑनर किलिंग’ से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए ऐसा जाल बुना कि सच तक पहुंचने में पुलिस को करीब 39 दिन लग गए।

जानकारी के अनुसार नखत्राणा तालुका के खांभला गांव की 19 वर्षीय युवती का पास के गांव के एक युवक से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती के पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। 3 फरवरी को जब दोनों घर से चले गए, तो पिता ने गुस्से में एक खतरनाक योजना बना ली। उसने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों को भरोसा दिलाया कि वे सुरक्षित हैं और वापस आ जाएं।

पुलिस के मुताबिक जब युवती और उसका प्रेमी कोटड़ा और खांभला के बीच सुनसान इलाके में पहुंचे, तो आरोपी ने दोनों का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए दोनों के शव करीब 100 फीट गहरे कुएं में फेंक दिए गए।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही थाने पहुंचकर बेटी और युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लंबे समय तक वह परेशान पिता का नाटक करता रहा। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान में कई विरोधाभास नजर आए।

पश्चिम कच्छ पुलिस की टीम ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपी की निशानदेही पर 13 मार्च को मजिस्ट्रेट और फायर विभाग की मौजूदगी में कुएं से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।