Home Blog Page 117

CG में सनसनी: किराए के मकान में पिता-पुत्र के शव मिले, जहर खाकर आत्महत्या की आशंका

The Duniyadari: दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक किराए के मकान से पिता और पुत्र के शव बरामद हुए। मामला आपापुरा के भोईपारा इलाके का है, जहां दोनों कई महीनों से किराए के कमरे में रह रहे थे। पुलिस को शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका लग रही है।

जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान 70 वर्षीय अरुण टंडिया और उनके 35 वर्षीय बेटे पंकज टंडिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ समय पहले ही भोईपारा में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी अन्य इलाके में रहते थे।

शनिवार सुबह पड़ोसियों को तब शक हुआ जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। लोगों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति संदिग्ध लगने पर स्थानीय पार्षद को सूचना दी गई। पार्षद ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। कमरे के भीतर पिता और पुत्र दोनों मृत अवस्था में पड़े मिले। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे आत्महत्या की आशंका और मजबूत हो गई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में जहर सेवन की संभावना जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

‘ऑनर किलिंग’ की सनसनीखेज वारदात, पिता ने बेटी और उसके प्रेमी की कर दी हत्या

The Duniyadari: गुजरात। कच्छ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और इसे ‘ऑनर किलिंग’ से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए ऐसा जाल बुना कि सच तक पहुंचने में पुलिस को करीब 39 दिन लग गए।

जानकारी के अनुसार नखत्राणा तालुका के खांभला गांव की 19 वर्षीय युवती का पास के गांव के एक युवक से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती के पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। 3 फरवरी को जब दोनों घर से चले गए, तो पिता ने गुस्से में एक खतरनाक योजना बना ली। उसने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों को भरोसा दिलाया कि वे सुरक्षित हैं और वापस आ जाएं।

पुलिस के मुताबिक जब युवती और उसका प्रेमी कोटड़ा और खांभला के बीच सुनसान इलाके में पहुंचे, तो आरोपी ने दोनों का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए दोनों के शव करीब 100 फीट गहरे कुएं में फेंक दिए गए।

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही थाने पहुंचकर बेटी और युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लंबे समय तक वह परेशान पिता का नाटक करता रहा। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान में कई विरोधाभास नजर आए।

पश्चिम कच्छ पुलिस की टीम ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और पूरे मामले का खुलासा हो गया। आरोपी की निशानदेही पर 13 मार्च को मजिस्ट्रेट और फायर विभाग की मौजूदगी में कुएं से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला अस्पताल के पीछे नाली में मिला नवजात का शव, इलाके में मचा हड़कंप

The Duniyadari: दुर्ग। शहर के जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मातृत्व-शिशु विभाग के पीछे बहने वाली नाली में एक नवजात बच्चे का शव मिला। कचरा बीनने वाली एक महिला की नजर नाली में बह रही संदिग्ध चीज पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसे नवजात का शव दिखाई दिया, जिसके बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नाली से नवजात के शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवजात करीब छह महीने का भ्रूण बताया जा रहा है और उसका शरीर काफी हद तक विकसित था। घटना सामने आने के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी भी जताई और मामले की गंभीरता से जांच की मांग की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को शव का पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसे नाली में कैसे फेंका गया।

आज शाम 4 बजे चुनाव आयोग करेगा बड़ी घोषणा, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखें होंगी तय

The Duniyadari: नई दिल्ली। देश की राजनीति से जुड़ी अहम खबर सामने आ रही है। चुनाव आयोग रविवार शाम पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पूरा कार्यक्रम जारी करने वाला है। इसके लिए आयोग ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें चुनाव की तारीखों सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून के बीच अलग-अलग समय पर खत्म होने वाला है। ऐसे में इन राज्यों में नई सरकार के गठन के लिए चुनावी प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी, जिसके बाद राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।

भाजपा नेता का वीडियो वायरल सोशल मीडिया पर जुआ खेलते दिखे, कैप्शन को लेकर भी मचा विवाद

The Duniyadari: मनेंद्रगढ़। जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर में एक भाजपा कार्यकर्ता का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। वायरल क्लिप में भाजपा से जुड़े शुभम सिंह कुछ लोगों के साथ ताश के पत्तों पर दांव लगाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील के रूप में साझा किया गया है।

वीडियो के साथ लिखे गए कथित कैप्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा है, जिसमें प्रभाव और दबदबे की बात कही गई है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार शुभम सिंह भाजपा के हसदेव मंडल में सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे पार्टी की छवि से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स मामले की जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर किसी भी आधिकारिक पक्ष की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं इलाके में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर इसे लगातार साझा किया जा रहा है।

अवैध अफीम की खेती के बाद प्रशासन सख्त, 58 पटवारियों का तबादला

The Duniyadari: बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व अमले में बड़ा बदलाव किया है। कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने आदेश जारी करते हुए जिले के 58 पटवारियों का एक साथ स्थानांतरण कर दिया है।

जारी आदेश के मुताबिक राजपुर, रामानुजगंज, कुसमी, वाड्रफनगर, शंकरगढ़, रघुनाथनगर और बलरामपुर तहसील समेत कई क्षेत्रों में पदस्थ पटवारियों को बदलते हुए अलग-अलग हलकों में नई जिम्मेदारी दी गई है। कई कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत थे, जिन्हें अब अन्य क्षेत्रों में भेजा गया है।

प्रशासन का कहना है कि यह फैसला राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। लंबे समय से एक ही जगह तैनाती के कारण कामकाज में ढिलाई और शिकायतें बढ़ रही थीं, जिसे सुधारने के लिए यह कदम उठाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक जिले के कुछ इलाकों में हाल ही में अवैध अफीम की खेती के मामले उजागर होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी पृष्ठभूमि में राजस्व विभाग में यह व्यापक फेरबदल किया गया है।

एक साथ बड़ी संख्या में किए गए इन तबादलों को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम निर्णय माना जा रहा है।

गैस बचाने की सलाह पर भड़की बहू, सास के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची

The Duniyadari: मैनपुरी (यूपी)। रसोई गैस की कमी ने अब घरों के भीतर भी तनाव बढ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच एक परिवार का मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बहू अपनी सास की शिकायत लेकर सीधे थाने पहुंच गई। यह मामला सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए और बाद में दोनों को समझाइश देकर घर भेज दिया गया।

घटना बेवर कस्बे की है, जहां पिछले कुछ दिनों से एलपीजी सिलेंडर मिलने में दिक्कत आ रही है। गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। इसी स्थिति को देखते हुए घर की बुजुर्ग सास ने बहू को सलाह दी कि गैस का इस्तेमाल थोड़ा कम किया जाए और जरूरत पड़ने पर मिट्टी के चूल्हे पर भी खाना बनाया जाए, ताकि गैस आपात स्थिति के लिए बची रहे।

सास की यह बात बहू को पसंद नहीं आई। बहू का कहना था कि उसने टीवी पर देखा है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए सास जानबूझकर उसे परेशान करने के लिए पुराने तरीके से खाना बनाने को कह रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

विवाद इतना बढ़ा कि नाराज बहू सीधे बेवर थाने पहुंच गई और पुलिस से शिकायत कर दी कि उसकी सास उसे गैस पर खाना नहीं बनाने दे रही है। शिकायत सुनकर पहले तो पुलिसकर्मी भी चौंक गए, फिर पूरे मामले की जानकारी लेने के लिए सास को भी थाने बुलाया गया।

सास ने पुलिस को बताया कि वह सिर्फ गैस की कमी को देखते हुए बचत करने की बात कह रही थी। मामले की असलियत समझने के बाद पुलिस ने दोनों को समझाया कि यह कोई कानूनी मामला नहीं बल्कि परिवार के भीतर आपसी समझ से सुलझाने वाली बात है।

पुलिस की समझाइश के बाद सास और बहू दोनों शांत हो गईं और आखिरकार बिना किसी कार्रवाई के उन्हें वापस घर भेज दिया गया। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले दो युवक गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

The Duniyadari: रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनील कुर्रे (23) और कैलाश कुर्रे (22), दोनों निवासी सतनामी पारा नारा, थाना आरंग, जिला रायपुर को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 11 मार्च 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच ग्राम बरछा में हुई। आरोप है कि दोनों युवकों ने 15 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। मामले की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।

जांच के दौरान 13 मार्च को पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी के सामने पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। बयान और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1), 87, 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला कायम किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल रायपुर भेजने का आदेश दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत

The Duniyadari: भिलाई के कोहका क्षेत्र में स्थित भेलवा तालाब में नहाने के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत अपने भाई और दोस्तों के साथ तालाब के पास गया था। उस समय वह तालाब के बाहर बने गार्डन में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था, जबकि उसके दोस्त तालाब में नहा रहे थे। दोस्तों को नहाता देख वह भी कुछ देर बाद तालाब में उतर गया।

बताया जा रहा है कि पानी में उतरते ही वह गहरे हिस्से की ओर चला गया। इसी दौरान उसका पैर तालाब के अंदर किसी चीज में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

जब दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों को उसकी परेशानी का पता चला तो सभी ने मिलकर उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए भिलाई के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरप्रीत को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई .

स्कूलों का समय बदला, 16 मार्च से सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वार्षिक परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में परिपत्र जारी कर सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के लिए नया समय निर्धारित किया है।

जारी निर्देश के अनुसार 16 मार्च से जिले के सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह आदेश जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों को भेज दिया गया है।

परिपत्र में उल्लेख किया गया है कि 16 मार्च से प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसलिए केंद्रीकृत समय-सारिणी के अनुसार परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के लिए यह नया समय लागू किया गया है।

निर्देश के मुताबिक प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ही आयोजित होंगी। साथ ही यह आदेश जिले के सभी निजी (अशासकीय) विद्यालयों पर भी लागू रहेगा।

हालांकि बोर्ड परीक्षाएं और उनसे जुड़े मूल्यांकन कार्य इस आदेश से प्रभावित नहीं होंगे। इसके अलावा पूर्व में जारी अन्य सभी निर्देश यथावत लागू रहेंगे।