Home Blog Page 127

बांकीमोंगरा में बनेगा बुजुर्गों के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन, मां सिद्धिदात्री जनकल्याण समिति ने विकास झा का किया भव्य स्वागत

The Duniyadari: बांकीमोंगरा:-क्षेत्र के बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। बांकीमोंगरा में जल्द ही वृद्धों के लिए एक समर्पित भवन का निर्माण किया जाएगा, जहाँ उन्हें एक ही छत के नीचे सामुदायिक मेल-मिलाप और आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर मां सिद्धिदात्री जनकल्याणकार समिति के पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है।

इसी कड़ी में समिति के सदस्यों ने भाजयुमो छत्तीसगढ़ प्रदेश के पूर्व कोषाध्यक्ष विकास झा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पुष्पगुच्छ और मालाओं के साथ उनका अभिनंदन करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों और विशेषकर बुजुर्गों के हित में उठाए गए इस कदम की सराहना की गई।

वरिष्ठों को मिलेगा अपना ठिकाना

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बांकीमोंगरा में वृद्धजनों के लिए भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जहां विकास झा ने समिति के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास के द्वारा पुराना थाना के पीछे लाईन भवन का जीर्णोद्धार कर बुजुर्गों के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन बनाकर सौंपा जाएगा। इस भवन के बनने से बुजुर्गों को खाली समय बिताने, आपस में चर्चा करने और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।

स्वागत समारोह के दौरान विकास झा ने क्षेत्र की जनता और समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं और उनके सम्मान व सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर मां सिद्धिदात्री जनकल्याणकार समिति के अध्यक्ष, सचिव और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

गृह विभाग की अनुदान मांगों पर विधानसभा में मत विभाजन, कई विधायक रहे गैरहाजिर

The Duniyadari: कटौती प्रस्ताव खारिज होने के बाद विपक्ष ने वोटिंग की मांग की, कैबिनेट बैठक छोड़कर सदन पहुंचे मुख्यमंत्री और मंत्री।

रायपुर, 10 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को गृह विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान सदन में अलग ही माहौल देखने को मिला। विपक्ष ने अनुदान मांगों पर कटौती प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद विपक्ष ने मत विभाजन की मांग कर दी, जिसे आसंदी ने मंजूरी दे दी।

मत विभाजन की घोषणा होते ही सत्ता पक्ष के विधायक और मंत्री सदन में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय नजर आए। जानकारी के अनुसार भाजपा के कुल 54 विधायकों में से 17 विधायक उस समय सदन में मौजूद नहीं थे, जबकि विपक्ष के भी 10 विधायक अनुपस्थित रहे।

सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कई मंत्री कैबिनेट की बैठक छोड़कर सीधे विधानसभा पहुंचे। इसके बाद सदन में वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हुई। संख्याबल सत्तापक्ष के पक्ष में होने के कारण मतदान के बाद गृह विभाग की अनुदान मांगें पारित हो गईं। वोटिंग में सत्ता पक्ष के पक्ष में 37 और विपक्ष की ओर से 24 वोट पड़े।

छत्तीसगढ़ के गठन के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब गृह विभाग की अनुदान मांगों पर मत विभाजन की स्थिति बनी।

चर्चा के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बलरामपुर जिले में कथित अफीम की खेती का मुद्दा उठाते हुए गृहमंत्री से जवाब मांगा।

वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने राज्य में अर्धसैनिक बलों की तैनाती को लेकर केंद्र सरकार द्वारा मांगी गई राशि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से राज्य सरकार को करीब 21 हजार 530 करोड़ रुपये देने के लिए पत्र भेजा गया है। महंत ने सवाल किया कि इतनी बड़ी राशि राज्य सरकार किस बजट से देगी।

महंत ने यह भी कहा कि पूर्व में यूपीए सरकार के दौरान राज्यों से इस तरह की राशि की मांग नहीं की जाती थी। इस मुद्दे को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच काफी देर तक बहस चलती रही।

DMF कार्यों की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, लापरवाही पर ठेकेदार को नोटिस के निर्देश

The Duniyadari: लेमरू, सोनपुरी और अजगरबहार में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश।

कोरबा, 10 मार्च। विकासखंड कोरबा के दूरस्थ गांवों में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर काम की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय, आंगनबाड़ी भवन तथा शिक्षकों और चिकित्सकों के लिए बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप और अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री से किए जाएं। साथ ही इंजीनियरों को नियमित रूप से स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की निगरानी करने को कहा।

ग्राम लेमरू में चिकित्सक आवास निर्माण में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने सोनपुरी और अजगरबहार गांवों में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा बनाए जा रहे उप-स्वास्थ्य केंद्र, पीडीएस भवन और पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया। सोनपुरी में पीडीएस भवन और उप-स्वास्थ्य केंद्र के लिए एक ही बाउंड्री वॉल बनाने तथा भवन तक पहुंच मार्ग का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

लेमरू में आंगनबाड़ी भवन और चिकित्सक आवास के निर्माण की प्रगति देखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को नए शैक्षणिक सत्र से पहले आंगनबाड़ी भवन हर हाल में तैयार करने को कहा। साथ ही निर्माणाधीन संरचनाओं में नियमित रूप से पानी की तराई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

श्यांग गांव में शिक्षक और चिकित्सा स्टाफ के लिए बनाए जा रहे आवासों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्य अप्रैल तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की समय-सीमा तय की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लेमरू धान खरीदी केंद्र भी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और धान उठाव की प्रक्रिया को तेज करने के साथ लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

आज का राशिफल (11 मार्च 2026, बुधवार) आज का दिन कुछ राशियों के लिए सफलता और नई शुरुआत का संकेत दे रहा है

The Duniyadari: ग्रहों की चाल में बदलाव से आज कई राशियों के लिए नए अवसर और कुछ के लिए सावधानी के संकेत हैं। मेहनत, संयम और सही निर्णय आज सफलता की कुंजी बन सकते हैं।

मेष

आज सूझबूझ से काम लेने का दिन है। कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं और रुके काम आगे बढ़ेंगे। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।

वृषभ

आज आपको अच्छी नौकरी या नया प्रस्ताव मिलने की संभावना है। आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और लोगों का सहयोग मिलेगा। 

मिथुन

मेहनत का पूरा फल तुरंत न मिले तो निराश न हों। अनुशासन और धैर्य बनाए रखें, जल्द ही स्थिति आपके पक्ष में आएगी।

कर्क

आज कई काम आपके पक्ष में बन सकते हैं। परिवार से सहयोग मिलेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। 

सिंह

छिपी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सकता है। करियर में आगे बढ़ने के लिए नए विचार मिलेंगे। 

कन्या

सामाजिक और कार्यक्षेत्र में सहयोग मिलेगा। संपर्क और संवाद से नए अवसर बन सकते हैं।

तुला

मधुर व्यवहार से लोगों का दिल जीतेंगे। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा और कोई शुभ समाचार मिल सकता है।

वृश्चिक

भावनाओं पर नियंत्रण रखें। सोच-समझकर निर्णय लेने से लाभ होगा और रिश्तों में सुधार आएगा।

धनु

आज साहस के साथ लिए गए फैसले भविष्य में लाभ देंगे। नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं।

मकर

करियर में आगे बढ़ने के संकेत हैं। अधिकारियों से सहयोग मिल सकता है और सम्मान बढ़ेगा।

कुंभ

आय में वृद्धि और काम में सफलता के योग हैं। प्रतियोगी कार्यों में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। 

मीन

घर-परिवार के मामलों में थोड़ा तनाव हो सकता है, इसलिए धैर्य रखें। स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है।  

हसदेव नदी में डूबे युवक नौशाद खान का शव बरामद दो दिन की तलाश के बाद गोताखोरों को मिला शव, इलाके में शोक

The Duniyadari: कोरबा, 10 मार्च कोरबा में हसदेव नदी में नहाने के दौरान डूबे 22 वर्षीय युवक नौशाद खान का शव दो दिन की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया है। दर्री थाना क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हुई इस घटना के बाद से पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर नौशाद खान अपने तीन दोस्तों के साथ हसदेव नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी, जिसके बाद वह बह गया। उसे बहता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की और वे भी नदी में कूद गए, लेकिन वे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई। इसके बाद दर्री थाना पुलिस और जिला प्रशासन की नगरसेना की गोताखोर टीम ने लगातार दो दिनों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। मंगलवार को आखिरकार गोताखोरों को युवक का शव नदी में जलकुंभी के बीच फंसा हुआ मिला, जिसे बाहर निकाला गया।

मृतक नौशाद खान दर्री इलाके के जय भगवान गली का निवासी था। वह सीएसईबी पावर प्लांट में ठेका कर्मचारी के रूप में वेल्डिंग का काम करता था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले ही उसकी मां का बीमारी के कारण निधन हो गया था।

युवक की मौत से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोरबा जिला कांग्रेस में आरिफ खान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मजबूत करने का संकल्प

The Duniyadari:जिला कांग्रेस कमेटी में आरिफ खान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आरिफ खान को जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

नवनियुक्त उपाध्यक्ष आरिफ खान ने इस जिम्मेदारी के लिए कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, विशेष रूप से पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

आरिफ खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वे लगातार कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं और मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। कार्यकर्ताओं के सहयोग और मार्गदर्शन से संगठन को नई मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

आरिफ खान की नियुक्ति पर कांग्रेस के कई नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है। साथ ही विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

दुर्ग के बाद बलरामपुर में अफीम की अवैध खेती का खुलासा कुसमी क्षेत्र में 5 एकड़ में लहलहाती फसल जब्त, पुलिस-प्रशासन ने शुरू की बड़ी कार्रवाई

The Duniyadari: बलरामपुर/कुसमी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अवैध नशे की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव के सरनाटोली इलाके में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब पांच एकड़ जमीन पर उगाई जा रही अफीम की फसल का पता लगाया है। कार्रवाई के दौरान खेत में तैयार खड़ी फसल को जब्त कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह खेती गांव से दूर जंगल से सटे सुनसान स्थान पर की गई थी, ताकि किसी की नजर इस पर न पड़े। सूचना मिलने पर मंगलवार को कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की जांच की। जांच के दौरान खेत में अफीम के बड़ी संख्या में डोडे पाए गए।

टीम ने देखा कि फसल पूरी तरह तैयार थी और कई डोडों में चीरा लगाया गया था, जिससे स्पष्ट है कि वहां से अफीम निकालने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी थी। मौके से सूखे डोडे, खसखस और अफीम निकालने से जुड़े कुछ उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस और राजस्व विभाग ने मौके पर ही फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क किन इलाकों तक फैला हुआ है।

गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग जिले में भी अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। अब बलरामपुर में इतनी बड़ी मात्रा में फसल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश के दूरस्थ इलाकों का इस्तेमाल नशे की खेती और तस्करी के लिए किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद अर्शदीप सिंह पर आईसीसी की कार्रवाई मैच फीस का 15% जुर्माना और रिकॉर्ड में जोड़ा गया एक डिमेरिट पॉइंट

Screenshot

The Duniyadari: नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद भारतीय तेज गेंदबाज Arshdeep Singh पर International Cricket Council (आईसीसी) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। आईसीसी ने उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी मानते हुए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।

बताया गया कि मैच के दौरान न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में अर्शदीप और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज Daryl Mitchell के बीच हल्की तकरार हो गई थी। उस दौरान अर्शदीप ने गेंद को फील्ड करने के बाद तेज़ी से बल्लेबाज की दिशा में थ्रो कर दिया, जो जाकर मिचेल के पैड से टकराई। इस घटना को आईसीसी ने अनुचित व्यवहार की श्रेणी में रखा।

आईसीसी के अनुसार यह मामला आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 से जुड़ा है, जो मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर गेंद या उपकरण को खतरनाक या अनुचित तरीके से फेंकने से संबंधित है। इसी आधार पर इसे लेवल-1 उल्लंघन माना गया।

जुर्माने के साथ ही अर्शदीप सिंह के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी दर्ज किया गया है। हालांकि पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला ऐसा मामला है। इस वजह से औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी और भारतीय गेंदबाज ने मैच रेफरी के फैसले को स्वीकार कर लिया।

घटना के बाद ओवर समाप्त होने पर अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल को मैदान पर एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए भी देखा गया, जिससे मामला वहीं शांत हो गया।

आईसीसी के नियमों के अनुसार लेवल-1 उल्लंघन के मामलों में खिलाड़ी को आधिकारिक चेतावनी से लेकर अधिकतम 50 प्रतिशत मैच फीस तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी दिए जा सकते हैं। यदि किसी खिलाड़ी के 24 महीनों के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं, तो उन्हें सस्पेंशन पॉइंट में बदला जा सकता है और खिलाड़ी पर प्रतिबंध भी लग सकता है।

बेटे ने टांगी से की पिता की हत्या, वारदात के बाद घर में बैठकर खाता रहा बिरयानी अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लिया

The Duniyadari: अंबिकापुर, 10 मार्च। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। मणिपुर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कदमपारा में एक युवक ने अपने ही पिता की टांगी से हमला कर हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक देर रात किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेटे ने घर में रखी टांगी उठाकर अपने पिता पारस नाथ केरकेट्टा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हैरानी की बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी कहीं भागा नहीं, बल्कि घर में ही बैठा रहा और बिरयानी खाता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

धान भंडारण में चूहों से हजारों करोड़ का नुकसान, विधानसभा में गूंजा मुद्दा स्थगन प्रस्ताव खारिज होने पर विपक्ष का हंगामा, कांग्रेस विधायकों ने सरकार को घेरा

The Duniyadari: रायपुर, 10 मार्च। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान धान भंडारण में चूहों से हुए नुकसान का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। इस विषय पर विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव लाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश की, लेकिन आसंदी ने प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन में जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।

सदन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्रों और भंडारण स्थलों पर चूहों के कारण हजारों करोड़ रुपये के धान को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की लापरवाही और खराब प्रबंधन का परिणाम है, जिससे राज्य को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धान की सुरक्षा और भंडारण को लेकर सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों और कमजोर व्यवस्था के कारण प्रदेश को बड़े पैमाने पर नुकसान झेलना पड़ रहा है।

स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार होने के बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के गर्भगृह तक पहुंच गए, जिसके चलते नियमों के तहत वे स्वतः निलंबित माने गए। इसके बाद कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में भी विरोध जताया और धान भंडारण व्यवस्था को लेकर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

इस मुद्दे को लेकर अब प्रदेश की राजनीति में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।