मुंबई। पुणे-अहमदनगर हाईवे पर अनियंत्रित कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ से आ रही यात्री बस से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और घिसटते हुए एक होटल में जा घुसी। दुर्घटना में बस ड्राइवर की मौत हो गई जबकि बस में सवार 22 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा शिरूर तहसील के बजरंगवाड़ी इलाके में हुआ। पूरी घटना होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायलों को शिरूर के एक प्राइवेट अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ शिकारापुर पुलिस स्टेशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। दुर्घटना के बाद तकरीबन 2 घंटे तक पुणे-अहमदनगर हाईवे जाम रहा।
गाजियाबाद। गाजियाबाद की इंदिरापुरम थाने के झुग्गियों में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस झुग्गी बस्ती के पास ही एक गोशाला भी है। हिंडन नदी के किनारे की झुग्गियों में लगी इस भीषण आग में 100 से ज्यादा गायें जल गई हैं।
100 से अधिक गायें जल गईं
आग इतनी तेज थी कि इसने पीछे बनी गौशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहां कई गायें बंधी थीं, जिसमें से कुछ को गौशाला के मालिक ने बाहर निकाल दिया। श्री कृष्णा गौसेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया, ‘कबाड़ में आग लगने के कारण 100 से ज्यादा गायों की जलकर मृत्यु हो गई है’। धुएं के कारण आसपास की बिल्डिंग को भी खाली कराया गया है।
हवा तेज होने से विकराल हुई आग
सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गाजियाबाद के कनावनी गांव में भीषण आग लग गई। पूरे इलाके में धुंआ ही धुआं फैल गया। आग बुझाने के लिए स्थानीय लोगों ने तुंरत ही पानी डालना शुरू कर दिया, लेकिन हवा चलने की वजह से आग और विकराल होती चली गई।
पुलिस प्रशासन और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मगर माना जा रहा है कि कूड़े के ढेर में चिंगारी लगने की वजह से आग लगी थी।
IPL एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहां रोमांचक मुकाबलों के दौरान न सिर्फ खिलाड़ी बल्कि कुछ दर्शक भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरते हैं. रविवार को दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ. इस मैच में दिल्ली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 44 रनों से बड़ी जीत हासिल की. इस मैच के दौरान कैमरामैन ने कई बार दर्शक दीर्घा में बैठी एक खूबसूरत लड़की पर फोकस किया, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं. इसको लेकर ट्विटर पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं लोग जाहिर कर रहे हैं और इसे मिस्ट्री गर्ल बता रहे हैं.
यह मैच बेहद रोमांचक रहा और जब-जब कैमरामैन ने इस लड़की पर फोकस किया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया सनसनी बन गई. कुछ लोगों ने लड़की की खूबसूरती की तारीफ की तो कुछ लोगों ने कैमरामैन को इसके लिए धन्यवाद दिया. वैसे ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी खूबसूरत लड़की की तस्वीरें आईपीएल मैच के दौरान वायरल हुई हैं. इससे पहले भी कई बार इस तरह के मामले देखने को मिले हैं.
मैच के बाद सैकड़ों लोगों ने इस लड़की की तस्वीरों को ट्विटर पर शेयर किया और अलग-अलग तरह के रिएक्शन दिए. हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह मिस्ट्री गर्ल कौन है. लेकिन जो भी हो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर इस वक्त काफी तहलका मचा रही हैं.
बेहद रोमांचक रहा मुकाबला
दिल्ली ने इस मैच में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और 44 रनों से जीत हासिल कर ली. दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 215 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी कोलकाता की टीम 171 रनों पर ऑल आउट हो गई. दिल्ली के गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा और कोलकाता का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और टीम ने मैच गंवा दिया.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अगर आपके पास पैसे नहीं है, तो भी आपको एक प्लेट नाश्ता तो फ्री में ही मिल ही जाएगा. शहर में एक महिला स्व सहायता समूह की तरफ से फूड बैंक चलाया जा है. वहां कोई भी नागरिक नाश्ता फ्री में कर सकता है. नाश्ते में पोहा और समोसा मिलेंगे. लेकिन इसके अपको एक काम करना पड़ेगा. घर में पड़े या कहीं भी 1 किलों प्लास्टिक मिला जाए तो इसके बदले आप एक प्लेट नाश्ता कर सकते है.
रायपुर शहर में प्लास्टिक मुक्ति के लिए नया अभियान
दरअसल रायपुर शहर को प्लास्टिक से मुक्ति के लिए नया अभियान शुरू किया है. प्लास्टिक लाओ खाना पाओ की तरह यह अभियान काम कर रहा है. इसके लिए रायपुर के शास्त्री बाजार में फूड बैंक खोला गया है. मेयर एजाज ढेबर ने इस फूड बैंक का शुभारंभ किया है. इस दौरान मेयर एजाज ढेबर ने बताया कि ऐसी व्यवस्था रायपुर शहर में पहली बार समाज हित में पर्यावरण संरक्षण को दृष्टिगत रखकर नगर निगम रायपुर ने की गयी है. पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में यह व्यवस्था केवल अंबिकापुर नगर पालिक निगम में दी जा रही है. अंबिकापुर के अलावा यह व्यवस्था केवल रायपुर शहर में की गई है.
प्रतिबंधित प्लास्टिक रखने पर जुर्माना
इसके अलावा नगर निगम की टीम दुकानों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती दिखा रही है.प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जा रहा है. शनिवार को नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोलबाजार बंजारी रोड में स्थित 7 दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया. इस दौरान उक्त दुकानों में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन मिला. इसके बाद टीम लगभग 200 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन की जप्ती करते हुए 7 दुकानों के संचालकों से कुल 20 हजार रूपये का जुर्माना किया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है.
1 जुलाई से प्रदेशभर में प्लास्टिक बैन
इधर, छत्तीसगढ़ शासन 1 जुलाई से पूरे छत्तीसगढ़ सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगाने जा रही है. इससे पहले आम नागरिकों को प्लास्टिक का कम कम उपयोग करने के लिए जागरूक करने के मकसद से फूड बैंक खोला गया है. सिंगल यूज प्लास्टिक से बनी वस्तुएं . सिंगल यूज प्लास्टिक से बनी वस्तुएं जो बैन हो सकती है. इसने कैरी बैग,झंडे,कैंडी स्टिक, थर्माकोल और सजवावती सामान पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है.
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में एक लाइमैन ने जेई की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जान दे दे दी। जान देने से पहले लाइनमैन ने अपने एक बयान में बिजली विभाग के जेई की घिनौनी सोच को उजाकर किया। उसने बताया कि जेई उसका तबादला कराने के बदले उसकी बीवी को अपने पास भेजने की बात कहते थे, इसी से आहत होकर उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
यह पूरा मामला पलिया थाना अंतर्गत क्षेत्र से सामने आया। यहां कस्बे में बने बिजली उपकेंद्र के लाइनमैन गोकुल प्रसाद ने जेई नागेंद्र कुमार की प्रताड़ना से तंग आकर ये कदम उठाया है। उसने पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर लिया। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा बीते 3 साल में कई बार उसका तबादला इधर-उधर किया गया। जिससे परेशान होकर लाइनमैन गोकुल प्रसाद ने पलिया विद्युत उपकेंद्र में यह कदम उठाया।
आरोप है कि इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास भी नहीं किया। लेकिन घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। जहां से गोकुल प्रसाद को लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तबादले के लिए रखी गई थी शर्त
मृतक लाइनमैन गोकुल प्रसाद ने मरने से पहले अपने बयान में बताया कि बिजली विभाग में तैनात जेई ने उसका तबादला कराने के बदले उसकी बीवी को पास भेजने की बात कही थी। इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया है।
शिकायत के बाद सस्पेंड हुए जेई
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखीमपुर खीरी जिले के डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने जेई नागेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद अन्य कार्यवाही की भी बात कही गई है।
प्रयागराज। इंदिरा मैराथन में बड़े-बड़े धावकों को पीछे छोड़ते हुए चार घंटे बाइस मिनट में 42 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाली 9 साल की नन्हीं धाविका काजल निषाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
काजल का कहना है कि पिछले वर्ष मैराथन में हिस्सा लेने के बावजूद जब उसकी मेधा को उचित सम्मान नहीं मिला तो वह इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करने के लिए दौड़ते हुए लखनऊ रवाना हुई हैं।
बता दें कि पिछले वर्ष नवंबर महीने में आयोजित 36 वीं इंदिरा मैराथन में आकर्षण का केंद्र रही 9 साल की काजल निषाद सम्मान और प्रोत्साहन न मिलने के कारण निराश है। वह इसकी शिकायत करने रविवार को सुभाष चौराहे से दौड़ते हुए लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए निकल पड़ी। उसके साथ कोच रजनीकांत भी शामिल हैं।
तीन दिन बाद पहुंचेगी लखनऊ
काजल ने बताया कि वह रात में ठहराव लेते हुए तीन दिन बाद लखनऊ पहुंचेगी और मुख्यमंत्री से प्रशासन व क्रीड़ा अधिकारी की शिकायत करेगी। नन्हीं धाविका काजल ने अपनी इस यात्रा को प्रयागराज टू लखनऊ अल्ट्रा मैराथन का नाम दिया है।
काजल का कहना है कि उसकी इस उपलब्धि की बड़ी तारीफ हुई थी, लेकिन प्रशासन की ओर से उसे कोई सम्मान या प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई थी। मांडा की रहने वाली काजल इससे पहले भी प्रयागराज के सुभाष चौराहे से दिल्ली के इंडिया गेट तक का सफर दौड़ते हुए 16 दिनों में पूरा करके सुर्खियां बटोर चुकी है।
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी अनुशासनहीनता करने वाले नेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठा सकती है। पार्टी ने सोमवार को कांग्रेस अनुशासनात्मक समिति की बैठक बुलाई है। बैठक में केवी थॉमस और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत कई नेताओं की गतिविधियों पर चर्चा हो सकती है। हाल ही में पार्टी ने पंजाब, उत्तराखंड में नए पार्टी प्रमुख नियुक्त किए हैं।
सूत्रों के हवाले से लिखा कि सोमवार को होने वाली कांग्रेस डिसीप्लिनरी कमेटी की बैठक में केरल से थॉमस, पंजाब से जाखड़ और मिजोरम से कुछ अन्य पार्टी नेताओं की गतिविधियों को लेकर चर्चाएं की जाएंगी।
खबर के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि पार्टी के नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। समिति की बैठक दोपहर 12 बजे हो सकती है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि मीटिंग कहां होगी।
बता दें कि हाल ही में थॉमस ने पार्टी के फैसले के खिलाफ जाकर कन्नूर में आयोजित सीपीआई-एम के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके लेकर केरल कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरण ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा था।
सुधाकरण ने थॉमस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा जाखड़ ने कथित तौर पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को निशाना बनाते हुए एससी नेता होने के चलते आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
रायपुर। (Raipur AIIMS 33rd best medical institute of the country) अमेरिका की प्रतिष्ठित न्यूज मैग्जीन और वेबसाइट न्यूजवीक ने भारत के 100 श्रेष्ठ अस्पतालों में दिल्ली एम्स को पहला और एम्स रायपुर को 33वां स्थान प्रदान किया है। कोविड-19 महामारी के समय भी अन्य बीमारियों के रोगियों को श्रेष्ठ चिकित्सा सुविधाएं दिलाने के लिए एम्स रायपुर को यह स्थान मिला है।
इसमें देश के सरकारी और निजी दोनों चिकित्सा संस्थानों को शामिल किया गया था। एम्स रायपुर को 69.70 प्रतिशत स्कोर के साथ यह स्थान प्रदान किया गया जबकि एम्स दिल्ली ने 87.80 प्रतिशत स्कोर प्राप्त किया।
भारत समेत इन देशों में हुआ सर्वे
न्यूजवीक मैग्जीन द्वारा दुनियाभर के 27 विकसित और विकासशील देशों में यह सर्वे आयोजित किया गया था। इसमें अमेरिका, जर्मनी, जापान, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, इटली और इंग्लैंड भी शामिल थे। सभी देशों के चिकित्सा और शोध संस्थानों को आनलाइन सर्वे, रोगियों के फीडबैक और मेडिकल की परफार्मेंस इंडिकेटर्स के आधार पर चयनित किया गया।
इस प्रक्रिया में उक्त देशों के 2,200 से अधिक प्रमुख चिकित्सा और शोध संस्थानों ने भाग लिया। हाल ही में जारी की गई चतुर्थ वार्षिक रैंकिंग में भारत के 100 प्रमुख अस्पतालों में पीजीआई चंडीगढ़, जिपमर पुडूचेरी, दिल्ली का सफदरजंग अस्पताल सहित कई प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों को एम्स रायपुर से पहले स्थान प्राप्त हुआ है। नए एम्स में सिर्फ रायपुर को ही प्रथम 50 में स्थान प्राप्त हुआ है।
निदेशक प्रो. (डा.) नितिन एम. नागरकर ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए एम्स परिवार के सभी सदस्यों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान की जाने वाली इस रैंकिंग से एम्स, रायपुर की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं को विस्तार देने के लिए प्रोत्साहन मिला है।
भरूच (गुजरात)। गुजरात के भरूच जिले में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से विस्फोट होने से छह मजदूरों की मौत हो गई। घटना अहमदाबाद से करीब 235 किमी दूर दहेज इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह करीब तीन बजे हुई।
भरूच SP लीना पाटिल के मुताबिक, मजदूर एक रिएक्टर के पास काम कर रहे थे, जिसमें अचानक विस्फोट हो गया। इससे सभी की मौत हो गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। आग पर भी काबू पा लिया गया।
हार के जीतने वाले को बाजीगर तो कहते हैं , पर यहां उधार के इंजीनियर की बाजीगरी की चर्चा ज्यादा… मामला नगर निगम के तेज तर्रार और कम दिन में ज्यादा कमाने की चाह रखने वाले उप अभियंता का है, जो नियम विरूद्ध ट्राइबल में अटैच होकर बड़े ठाठ से निर्माण कार्यों की वाट लगा रहा है।
हालिया मामला 28 करोड़ के टेण्डर का है। जिसमें नियमों को ताक पर रखकर कंडिका 19 जोड़कर कमाल की बाजीगरी की गई है। खबरीलाल की माने तो यह कंडिका इसलिए जोड़ा गया क्योंकि निगम के कुछ ठेकेदारों को ओबलाइज करना था। सो ट्रायबल के ऊ साई राम को सेटिंग कर दिन में तारे दिखाने का सपना दिखाया गया और फिर शुरू हुआ टेण्डर सेटिंग का खेल !
मार्केट में उड़ रही खबर की माने विभाग के निर्माण शाखा के बाबू की बाबूगिरी भी फिर चमक रही है। उसने तो टेण्डर खुलने से पहले ठेकेदारों को काम बाँट दिया है। अब ये सब उसी बिल्डिंग में हो रहा है जहां बार बार बैठक लेकर नियम की दुहाई दी जाती है। अब देखना है कि उधार के इंजीनियर की बाजीगरी कुछ करतब दिखा पाती है या खुद जनाब ट्राइबल से आउट हो जाते हैं।
0.थानेदारी छोड़ गाड़ियों की गिनती कर रहे थानेदार
कोयलांचल के एक थानेदार इन दिनों अपने कारनामे को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। दरअसल ये थानेदार थानेदारी छोड़ ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों की गिनती में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। वैसे कहा तो यह भी जा रहा है कि एक कंपनी के यार्ड में खड़ी गाड़ियों को स्क्रेप बनाकर बेचने में उनका बड़ा योगदान है।करें भी क्यों न आखिर पुलिस पब्लिक के सहयोग के लिए ही काम कर रही है। तभी तो अचानक बंद हुए कारोबार के बाद यार्ड में खड़ी गाडियों से ही आमदनी का जरिया ढूंढ निकाला।
वैसे जुगाड़ भी गजब की चीज है अच्छे अच्छों का जमीर हिल जाता है। थाना क्षेत्र में चलने वाली गाड़ी गिनने को फार्मूले की बात करें तो काले हीरे की धरती में ट्रांसपोर्ट के काम का बड़ा क्रेज है। स्वाभाविक है गाड़ियों की गिनती में टैक्स तो मिलता ही होगा। यही वजह है साहब को थानेदारी से ज्यादा फिल्ड के गाड़ियों और मालिकों में अधिक दिलचस्पी है।
खैर कोयलांचल क्षेत्र में कई कारोबार की ट्रांसपोर्टिंग चल रही है। जिसकी वजह से कई कारोबारी थानेदारों से तालमेल बैठाकर कारोबार कर रहे हैं। सही भी है कौन झंझट में फंसे…इससे अच्छा है मिलकर चले और साथ मे सबके साथ सबका विकास का नारा को चरितार्थ करें।
0.इन्हें भी है सम्मान की आस…
कोटवारों के सम्मान के बाद अब सामाजिक वर्करों के सम्मान की बात उठ रही है। सामाजिक स्वास्थ्य वर्करों की बात जायज भी है। मोहल्ले में जब किसी को चिकित्सा सेवा की जरूरत महसूस होती है तो उनकी याद लोगों को जरूर आती हैं। कोरोना काल में तो कोरोना वारियर्स की भूमिका में मुस्तैद होकर मैदानी एरिया में डटे रहे और कोरोना को हराना है….की तख्ती भी लेकर कदम ताल करते रहे। कोरोना तो लगभग हार ही गया मगर ये सामाजिक स्वास्थ्य वर्कर सम्मान पाने की लड़ाई में खुद हार गए।
उन्होंने चिकित्सा विभाग का डोर टू डोर सर्वे हो या घरों में दवा का वितरण सबमें अच्छा प्रदर्शन कर दिखा दिया कि हम किसी से कम नहीं। अब समाज के ऐसे वर्करों को सम्मान नहीं मिलना है तो गंभीर मसला, पर इनकी सुनने वाला कोई नहीं है। खबरीलाल की माने तो इनका सम्मान करें भी कौन क्योंकि खाकी को तो चिकित्सा सेवा वाले सामाजिक वर्करों में दिलचस्पी है नहीं। बाउजूद इसके सामाजिक वर्करों को सम्मान की आस है और कह रहे है कोई तो हमारी पीड़ा समझे और हमारा सम्मान…।
आम आदमी की एंट्री ने बढ़ाया नेताओं की धड़कन…
हाल में पंजाब फतह के बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। पार्टी के पक्ष में बने माहौल को भुनाने देश के छोटे राज्यों पर आप की नजर है। यही वजह है कि आप ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में एंट्री कर नेताओं की धड़कन बढ़ा दी है। पार्टी आलाकमान रूठे छूटे और मालदार नेताओं को साधने में लगी है।
अब ऊर्जानगरी की बात करें तो सत्ता पक्ष के एक से बढ़कर दिग्गज नेताओं का गढ़ में सेंध मारने की जुगत में लगे हैं। पार्टी सदस्यता अभियान के बहाने सड़कों पर लगे फ्लेक्स टांगकर शक्ति प्रदर्शन कर बता दिया हम किसी से कम नहीं। पार्टी के नेताओं के आत्मविश्वास को देखकर ऐसा लग रहा है कि चुनाव जीतने की तैयारी की जा रही है। हालांकि राजनीतिक पंडितों की माने तो आम आदमी का प्रदेश में सरकार बनाने का सपना अभी कोसों दूर है। पर हां पार्टी के प्रत्याशी किस पार्टी के वोटरो पर सेंध लगाएंगे इस पर सभी की नजर है। युवाओं का आम आदमी में जुड़ाव से नेताओं की धड़कन जरूर तेज हो गई है।
खैरागढ़ में सबकी खैर…..
खैरागढ़ में पिछले 20 दिनों से जारी चुनावी शोर रामनवमीं के दिन थम गया। खैरागढ़ में जीत किसे मिलेगी और कौन हारेगा ये एक दिन बाद 12 अप्रैल को जनता तय कर देगी पर इसकेे बाद जो परिणाम आएंगे उसे सोच सोचकर कई नेता और मंत्री अपनी खैर मनाने में लगे हैं। ऐसी इसलिए कि चाहे कांग्रेस जीते या बीजेपी जो जीता उसकी खैर… बाकी का भगवान (आलाकमान) जानें।
खैरागढ़ उप चुनाव को सही मायने में 2023 का टेलर माना जा रहा है। खैरागढ़ में कोरबा विधायक और प्रदेश सरकार के मंत्री जय सिंह अग्रवाल की भी परीक्षा है, जिन्हें सीएम के करीबी भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के साथ शहर की जिम्मेदारी दी गई है। सेक्टरवार बात करें तो छुईखदान में गिरीश देवांगन, गंडई में मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, साल्हेवारा कवासी लखमा और विक्रम मंडावी के साथ बृहस्पत सिंह, डॉ. के के ध्रुव और विनोद तिवारी दिन रात एक कर रहे हैं। मंत्री गुरु रुद्र कुमार और डॉ. शिव डहरिया को खैरागढ़, छुईखदान से लेकर गंडई तक के सतनामी बहुल इलाकों की विशेष जिम्मेदारी मिली थी। जहां इन्हें पार्टी को बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी दी गई है। अगर ये सफल रहे तो सबकी खैर नहीं तो भगवान मालिक।
भाजपा के जिन नेताओं की साख यहां दांव पर लगी है उनमें पूर्व सीएम रमन सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, केदारनाथ गुप्ता
राजेश मूणत, नारायण चंदेल, अनुराग सिंहदेव, धरमलाल कौशिक, भूपेंद्र सवन्नी, मोतीराम चंद्रवंशी, शिवरतन शर्मा, संजय श्रीवास्तव, केदार कश्यप, किरण देव और विजय शर्मा जैसे बड़े चेहरे शामिल हैं। और तो और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और पड़ोसी राज्य के ‘मामा’ शिवराज सिंह भी यहां ‘कका’ के खिलाफ ताल ठोंक चुके हैं।
जानकार बताते हैं कि खैरागढ़ के बहाने भाजपा अपने कार्यकर्ताओं और कोर वोट बैंक को रिचार्ज करने का मौका मान रही है, तो जीत हार किसी की भी हो पर इसके परिणाम 2023 के चुनाव के एग्जिट पोल ही माने जाएंगे। तब तक के लिए इंतजार करें।
आखिर में कबीरा खड़ा बाजार में सबकी मांगे खैर…..ना काहू से दोस्ती ना काहू से बैर….