Home Blog Page 2624

कल पसान मा तुंहर द्वार पहुंचही सरकार, समाधान शिविर में मौके पर होगा समस्याओं का निपटारा

कोरबा। जिला प्रशासन द्वारा सरकार तुंहर द्वार के अंतर्गत 23 मार्च को विकासखंड पोंडी उपरोडा के ग्राम पंचायत पसान में समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर में पसान क्लस्टर के अंतर्गत 21 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणजन सेवाओं से लाभान्वित होंगे। शिविर के पहले क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले गांव में डोर टू डोर सर्वे करके ग्रामीणजनों की समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए जा चुके हैं। आवेदनों का विभाग वार निराकरण कर समाधान शिविर में ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान से अवगत कराया जाएगा और सेवाएं प्रदान की जाएगी।

क्लस्टर में 21 ग्राम पंचायत शामिल

पसान में आयोजित समाधान शिविर में क्लस्टर के अंतर्गत 21 ग्राम पंचायतों में पसान, लैंगी, कुम्हारीसानी, बैरा, खोडरी(पसान), चन्द्रौटी, लैंगा, सेमरा, सैला, सारिसमार, पण्डरीपानी, कर्री, रामपुर (लैंगा), कारीमाटी, पिपरिया, सिर्री, पोंडीकला, कुम्हारीदर्री, कोडगार, अमझर (पसान) एवं दुल्लापुर शामिल है।

शिविर के पहले डोर टू डोर सर्वे

समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों से शिविर के 10 दिन पहले हुए घर घर सर्वे के दौरान प्राप्त आवेदनों का समाधान कर सेवाएं प्रदान की जाएगी।

इन समस्याओं को तुरंत होगा निपटारा

इन सेवाओं में फौती नामांतरण, नामांतरण, आपसी बंटवारा, सीमांकन, किसान किताब प्रदाय करना, बी-1 वाचन, आय, जाति, निवास हेतु पटवारी प्रतिवेदन प्रदान करना, राशन कार्ड, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, वन अधिकार पत्रक, मनरेगा जॉब कार्ड, मनरेगा मातृत्व भत्ता, ई-श्रम कार्ड, नवीन राशन कार्ड वितरण, राशनकार्ड में त्रुटि सुधार, दिव्यांग, बुजुर्ग का राशन कार्ड वितरण आदि शामिल है। विद्यार्थियों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र प्रदान करना, दिव्यांगजनो को सहायक उपकरण, मोट्राईज्ड ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, ट्रायसायकल, बैसाखी, श्रवण यंत्र इत्यादि वितरण एवं अन्य सुविधा, पेंशन से संबंधित शिकायतों का निराकरण आदि सेवाएं समाधान शिविर में प्रदान की जाएगी। शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण, गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों की पहचान, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं औषधि वितरण, आयुष्मान कार्ड बनाया जाना व वितरण, छत्तीसगढ़ महिला कोष से महिला स्व सहायता समूह को ऋण स्वीकृति चेक, ऋण माफी प्रमाण पत्र का वितरण आदि सेवाएं भी प्रदान की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री न‍ित‍िन गडकरी ने की ऐसी घोषणा, खुशी से झूमेंगे कार-बाइक चलाने वाले

नई द‍िल्‍ली। Nitin Gadkari on Electric Vehical : अगर आप भी इलेक्‍ट्र‍िक व्‍हीकल खरीदने का प्‍लान कर रहे हैं तो यह खबर आपके ल‍िए हैं. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने मंगलवार को कहा अगले दो साल में इलेक्‍ट्र‍िक व्‍हीकल की कीमत पेट्रोल वाहनों के बराबर हो जाएगी. यह खबर कार और बाइक चलाने वालों को बहुत ही सुकून देने वाली है.

कम हो जाएगी इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल की लागत
केंद्रीय मंत्री ने कहा क‍ि प्रौद्योगिकी और हरित ईंधन में तेजी से प्रगति से इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल की लागत कम हो जाएगी. इससे अगले दो साल में पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के बराबर इलेक्‍ट्र‍िक व्‍हीकल की कीमत हो जाएगी. इसे देशभर में एक क्रांत‍ि के रूप में देखा जा रहा है.

प्रदूषण के स्‍तर में भी कमी आएगी
न‍ित‍िन गडकरी मंगलवार को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, 2022-23 के लिए अनुदान की मांगों पर लोकसभा में जवाब दे रहे थे. गडकरी ने प्रभावी स्वदेशी ईंधन को स्थानांतरित करने की जरूरत पर जोर देते हुए उम्‍मीद जताई क‍ि इलेक्‍ट्र‍िक ईंधन जल्द वास्तविकता बन जाएगा. इससे प्रदूषण के स्‍तर में कमी आएगी.
हाइड्रोजन टेक्‍न‍िक अपनाने का आग्रह
गडकरी ने सांसदों से हाइड्रोजन टेक्‍न‍िक अपनाने का आग्रह क‍िया. उन्‍होंने सांसदों को अपने-अपने क्षेत्र में सीवेज के पानी को हरित हाइड्रोजन बनाने की पहल करने के ल‍िए कहा. उन्होंने यह भी बताया क‍ि हाइड्रोजन जल्द सबसे सस्ता ईंधन विकल्प होगा.

पेट्रोल वाहनों के बराबर होगी कीमत
गडकरी ने कहा, ‘लिथियम-आयन बैटरी की कीमत में तेजी से कमी आ रही है. हम जिंक-आयन, एल्यूमीनियम-आयन, सोडियम-आयन बैटरी को व‍िकस‍ित कर रहे हैं. अध‍िकतम दो साल में इलेक्ट्रिक स्कूटर, कार, ऑटो रिक्शा की कीमत पेट्रोल से चलने वाले स्कूटर, कार, ऑटोरिक्शा के बराबर होगी.

पेट्रोल पर 100 तो ईवी पर खर्च होंगे 10 रुपये
उन्‍होंने बताया इसका फायदा यह होगा यद‍ि आप आज पेट्रोल पर 100 रुपये खर्च कर रहे हैं तो इलेक्ट्रिक वाहन को चलाने में यह लागत घटकर 10 रुपये आ जाएगी. कुछ द‍िन पहले ही न‍ित‍िन गडकरी ने ग्रीन हाईड्रोजन फ्यूल कार (Green Hydrogen Fuel Cell Car) लॉन्‍च क‍िया था.

पेट्रोल पर आता है 5-7 रुपये का खर्च
ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली कार से चलने पर 1 रुपये प्रत‍ि क‍िमी से भी कम का खर्च आएगा. जबक‍ि पेट्रोल पर चलने वाली कार का खर्च 5-7 रुपये प्रत‍ि क‍िमी आता है. इस पायलट प्रोजेक्ट में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की FCEV टोयोटा मिराई (Toyota Kirloskar Mirai) कार शामिल है.

1 रुपये KM से भी कम में भरेगी फर्राटा
बता दें न्‍यू लॉन्‍च कार में 5 मिनट में हाइड्रोजन भर जाएगी। इसके बाद यह 550 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकेगी. परिवहन मंत्री ने कहा कि अभी 6 से $7 में (करीब 500 रुपये) 1 किलो हाइड्रोजन से 550 क‍िलोमीटर तक गाड़ी दौड़ेगी. 500 रुपये में 550 तक का सफर तय करने पर एक क‍िमी का खर्च करीब 90 पैसे आएगा.

 

 

 

 

 

 

 

 

KORBA : बिना स्वीकृति के कर दिए 11 करोड़ खर्च… कलेक्टर ने PWD के अधिकारियों को लगाई फटकार …

0 इमली छापर – सर्वमंगला सड़क निर्माण कार्य को 2 दिन के भीतर शुरू करने के दिए निर्देश,निर्माण कार्य प्रगति की 15 दिन में होगी पुनः समीक्षा

कोरबा। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने इमली छापर- सर्वमंगला सड़क निर्माण में बिना स्वीकृति के 11 करोड़ रुपये व्यय करने पर पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने बगैर स्वीकृति के डीपीआर से अधिक व्यय करने तथा विभागीय लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण सड़क निर्माण काम रुकने पर भी नाराजगी जताई।

बता दें कि वर्तमान में छह करोड़ रुपए से अधिक राशि मोबिलाइजेशन के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के खाते में मौजूद है। इसके बावजूद सड़क निर्माण काम रुकने पर विभाग की लापरवाही दर्शाता है। उन्होंने सड़क निर्माण के कार्य को 2 दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा की सड़क निर्माण प्रगति की समीक्षा के लिए 15 दिन में बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी समीक्षा बैठक में देने के लिए भी निर्देशित किया।उन्होंने बैठक में कहा कि सड़क निर्माण में अन्य आकस्मिक व्यय भी डीपीआर में प्रस्तावित सीमा के अंतर्गत नहीं किया गया है। कलेक्टर श्रीमती साहू ने बिना स्वीकृति के अतिरिक्त व्यय राशि की जांच के लिए भी समिति गठित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। समिति अतिरिक्त व्यय राशि की जांच करेगी।

2 दिन के भीतर सड़क निर्माण शुरू करने का निर्देश

कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने लोगो के सुलभ आवागमन के लिये इमली छापर सर्वमंगला सड़क निर्माण के काम को तत्काल 2 दिन के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती साहू ने इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और सड़क निर्माण के काम में लगे ठेकेदारों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण के काम को समय सीमा में पूरा करने की विस्तृत कार्य योजना की भी जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती साहू ने लोगों को आवागमन सुविधा प्रदान करने के लिए तत्काल काम को शुरू करने के निर्देश बैठक में मौजूद अधिकारियों और ठेकेदार को दिए। बैठक के दौरान ईई पीडब्ल्यूडी एके वर्मा सहित सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार मौजूद रहे।

गैर पंजाबी, बाहरी, बिजनेसमैन, पंजाब से राज्यसभा कैंडिडेट्स को लेकर चौतरफा घिरी AAP

न्यूज डेस्क।आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार को राज्यसभा की पांचों सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। लेकिन उम्मीदवारों के चयन को लेकर आम आदमी पार्टी पर विपक्ष हमलावर है। AAP पर विपक्ष आरोप लगा रहा है कि पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए गैर पंजाबी और बाहरी उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है और AAP ने पंजाबियों को ठगने का प्रयास किया है।

‘आप’ ने सोमवार को पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक अशोक मित्तल, दिल्ली से पार्टी विधायक राघव चड्ढा, आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप पाठक और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को 31 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए नामित किया है। सभी उम्मीदवारों ने पंजाब विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पांचों में से सिर्फ हरभजन सिख हैं। बड़े पैमाने पर विपक्षी दल राघव चड्ढा और संदीप पाठक के नामांकन से खफा हैं क्योंकि दोनों पंजाब से ताल्लुक नहीं रखतें।

भोलथ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि, “नामांकन न केवल निराशाजनक हैं, बल्कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की स्पष्ट मुहर है। मेरी धारणा थी कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उच्च सदन में पंजाब के कुछ प्रमुख हस्तियों को भेजेंगे ताकि वे राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकें। हालांकि ऐसा लगता है कि सीएम ने पंजाब के हितों को पूरी तरह से सरेंडर कर दिया है।”

आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों द्वारा पर्चा दाखिल करने से कुछ घंटे पहले पूर्व परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा ने सीएम भगवंत मान को पत्र लिखकर कहा कि, “उन्हें पूरा विश्वास है कि आप (सीएम मान) पंजाब से ऐसे लोगों को भेजेंगे जो पंजाब के लिए आवाज उठाएंगे ताकि दुनिया के हर कोने में लोग अपने मान साहब पर गर्व करें।”

अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि, “आप पंजाब का अधिकार छीन रही है। हम कह रहे थे कि सब दिल्ली द्वारा नियंत्रित किया जाएगा और दिल्ली के लोगों का शासन होगा। लोग बस बहक गए और ‘आप’ को वोट दे दिया।” अकाली दल के विधायक दल के नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा, “क्या यही बदलाव है जिसके बारे में ‘आप’ बात कर रही थी? लगता है कि ‘आप’ ने कारोबारियों को राज्यसभा के टिकट बांटकर पंजाबियों को धोखा दिया है, जो उन्होंने पहले दिल्ली में भी किया था। इससे ‘आप’ ने प्रसिद्ध पंजाबियों के अलावा हजारों योग्य पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है जो इस सम्मान के अधिक योग्य थे।”

कांग्रेस ने यशोदा वर्मा पर जताया भरोसा, अब BJP…?

रायपुर।कांग्रेस ने खैरागढ़ उप चुनाव को लेकर प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट को लेकर उपचुनाव में यशोदा वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है।

लोधी मतदाताओं का ज़्यादा प्रभाव
दरअसल खैरागढ़ (Khairagarh By-Election) में लोधी मतदाताओं का ज़्यादा प्रभाव है, ऐसे में माना जा रहा था कि इनके वोट को साधने के लिए यशोदा वर्मा को मौका दिया गया है। यशोदा वर्मा वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष है, इसके पहले वे राजनांदगांव जिला पंचायत की सदस्य रही हैं। वहीं यशोदा के पति निलांबर वर्मा भी जिला पंचायत सदस्य रह चुके है।

BJP भी खेल सकती है महिला पर दांव
बताया (Khairagarh By-Election) जा रहा है कि कांग्रेस के ऐलान के बाद अब बीजेपी अपने पत्ते अब खोल देगी। चर्चा है कि कांग्रेस द्वारा महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारने के बाद अब बीजेपी भी किसी महिला पर ही दांव खेल सकती है। खैरागढ़ उपचुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान कार्य होना है। इससे पहले नामांकन की अंतिम तारीख 24 मार्च तय है। कांग्रेस द्वारा महिला को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब चर्चा है कि बीजेपी भी डोमेश्वरी जंघेल पर दांव खेल सकती है। अलबत्ता बीजेपी के पास विक्रांत सिंह और कोमल जंघेल का भी चेहरा मौजूद है। दोनों ही प्रमुख दलों के बाद बात अगर जोगी कांग्रेस की करें तो जोगी कांग्रेस में 21 मार्च को हुई बैठक में नाम तय तो कर लिया गया मगर दोनों दलों के रूख के बाद ऐलान की तैयारी की जा रही है।

सिर्फ हवाला नहीं, गूगल-पे से भी रिश्वत ले रही पुलिस, नौकर ने बढ़ाई डीसीपी की मुसीबत

मुंबई। आंगडिया उगाही केस में सीआईयू ने डीसीपी सौरभ त्रिपाठी(DCP Saurabh Tripathi ) के नौकर पप्पू कुमार गौड़ को शनिवार को लखनऊ से गिरफ्तार किया। आरोप है कि मुंबई(Mumbai) से उगाही गई रकम हवाला से गौड़ के पास लखनऊ पहुंचती थी। सौरभ त्रिपाठी साल, 2010 के बैच के महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं, गौड़ के बारे में पता चला है कि वह सौरभ त्रिपाठी के आईपीएस बनने के पहले से, करीब 15 साल से उनके यहां नौकर है। सीआईयू ने त्रिपाठी और गौड़ के मोबाइल नंबरों के सीडीआर निकाले हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के अनुसार, हमारे पास डीसीपी त्रिपाठी के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं, जिससे यह साबित होता है कि वह उगाही के रैकेट में और उगाही की रकम को हवाला से भेजने के नेटवर्क में गहरे तक शामिल थे।
करप्शन के केस में यूं तो बहुत से पुलिस वाले पकड़े जाते हैं, लेकिन किसी पुलिस वाले के हवाला से उगाही की रकम भेजने की कहानी पहली बार सामने आई।

रिटायर्ड आईजी राजेश पांडे का कहना है कि उन्हें कई सूत्रों से पता चला है कि अब कई पुलिस वाले इन दिनों गूगल-पे से भी रिश्वत ले रहे हैं। पांडे के अनुसार, अवैध शराब के कारोबार या मिलावटी सामान भेजने वालों के टैंकर या टैंपों जब बीच रास्ते में हाइवे पर पकड़े जाते हैं, तो जब कई बार पुलिस उनसे रिश्वत मांगती है, तो वह कहते हैं कि मुझे तो मालिक ने कैश दिया नहीं, आप चाहें, तो गूगल-पे से पेमेंट ले लो। पुलिस वाले सामने वाले के कपड़ों की तलाशी लेते हैं, कई बार कैश वाकई नहीं मिलता है।

रिश्वत की रकम गूगल-पे करवा ली जाती है
विकल्प के रूप में कुछ पुलिस वालों ने कई हवाला कारोबारियों से उनके अकाउंट नंबर और सिम कार्ड ले लिए हैं। सिम कार्ड को एक दूसरे मोबाइल सेट में डाल दिया जाता है। उसी नंबर पर रिश्वत की रकम गूगल-पे करवा ली जाती है। रकम हवाला कारोबारी के अकाउंट नंबर में जाती है। बाद में हवाला कारोबारी पुलिस को यह रकम कैश में दे देता है। कुछ समय पहले बरेली के नवाबगंज इलाके में एक ट्रक ड्राइवर ने गूगल-पे से पुलिस को पेमेंट कर दिया। बाद में पीलीभीत में भी वहां की पुलिस ने जब वह ट्रक रोका और जब उस ट्रक ड्राइवर से रिश्वत मांगी, तो उसने कहा कि कुछ देर पहले मैंने बरेली में पुलिस वालों को गूगल-पे किया है, आपको भी मैं गूगल-पे कर देता हूं। तब पीलीभीत पुलिस वालों ने सबूत दिखाने को कहा। ट्रक ड्राइवर ने बरेली पुलिस को किए गूगल-पे का स्क्रीन शॉट भेज दिया। लेकिन पीलीभीत पुलिस ने खुद गूगल-पे से रिश्वत लेने से मना कर दिया। सिर्फ कैश में ही रिश्वत देने को कहा।

मुंबई के डीसीपी सौरभ त्रिपाठी जिस केस में आरोपी बनाए गए हैं, आरोप है कि उनके दस्ते के तीन इंस्पेक्टरों नितिन कदम, समाधान जमदाडे और ओम वानगाते ने दिसंबर, 2021 के प्रथम सप्ताह में डीसीपी के कहने पर 19 लाख रुपये मुंबादेवी बीट चौकी में आंगड़िया के बिजनेस से जुड़े अलग-अलग लोगों से वसूले और फिर उस रकम में से काफी रुपये लखनऊ में डीसीपी के पारिवारिक नौकर पप्पू कुमार गौड़ तक पहुंचाया गया।

VIDEO: महाराष्ट्र की सांसद नवनीत राणा का ‘पुष्पा’ अवतार, बोलीं- ‘फ्लावर नहीं फायर है…’

मुंबई। साउथ की फिल्म ‘पुष्पा: द राइज़’ को भले ही रिलीज हुए करीब 3 महीने हो गए हैं, लेकिन इसके एक डायलॉग का खुमार अब भी लोगों पर दिख जाता है. इस बीच महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय महिला सांसद नवनीत राणा भी इस फिल्म के उस डायलॉग को बोलती नजर आई हैं. दरअसल, नवनीत राणा ने 20 मार्च को अपने ट्विटर हैंडल पर फिल्म का डायलॉग बोलते हुए करीब 10 सैकेंड का वीडियो शेयर किया है, जो अब सोशल मीडिया वायरल हो गया है. इस वीडियो में नवनीत कह रही हैं, “नवनीत नाम सुनकर क्या लगा, फ्लावर हैं, फ्लावर नहीं… फायर है. क्या… फायर.”

 

इस पर नवनीत राणा ने कहा कि यह सिर्फ एंटरटेनमेंट का पार्ट है. राजनेता होने के साथ साथ मैं एक एक्ट्रेस भी रही हूं. वह मेरे खून में है, जो कभी नहीं जाएगा. इससे खुद का भी मनोरंजन होना चाहिए. हमारे आदिवासी क्षेत्र में पुष्पा द फायर से ज्यादा नवदीत द फायर का जादू चढ़कर बोल रहा है.

उन्होंने शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवसेना वालों को कुछ काम नहीं रह गया है. हमारी जनता की चिंता नहीं रह गई है. हम क्या करते हैं, उस पर वह ज्यादा चिंता करते हैं. हमारी चिंता से हटकर उन्हें काम पर ध्यान देना चाहिए. मैं जो भी अपने आप को समझती हूं, वह सब लोगों के सामने रखा है.

पत्नी की हत्या के लिए एक पति ने कोबरा सांप के साथ रची खौफनाक साजिश, पढ़िए पूरी कहानी

 

केरल के कोल्लम इलाके में एक महिला की 6 मई 2020 को मौत हो गई। परिजनों को लगा कि शायद यह सामान्य मौत थी लेकिन महिला के मायके पक्ष ने शक जताया। जिसके बाद शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। जांच के बाद रिपोर्ट में पता चला कि महिला की मौत सामान्य नहीं थी बल्कि कोबरा जैसे विषैले सांप के काटने से हुई थी। फिर विस्तृत जांच में पता चला कि यह सांप साजिश के तहत पति ने ही महिला के ऊपर छोड़ा था।

दरअसल, यह मामला केरल के कोल्लम से साल 2020 में सामने आया। यहां का निवासी सूरज एक निजी बैंक में कार्यरत था और अपनी पत्नी उत्तरा के साथ रहता था। 7 मई को पुलिस की सूचना मिली कि महिला की संदिग्ध परिस्थितियो में मौत हो गई। जब जांच-पड़ताल हुई तो सांप के काटने से मौत की बात सामने आई। इसी दौरान उत्तरा के परिजनों ने इसे हत्या बताया क्योंकि इससे पहले भी उसके साथ ऐसी घटना हो चुकी थी, जिसमें उसकी जान जाते-जाते बची थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि बीते कुछ समय से दोनों पति-पत्नी में अनबन थी। इसके बाद सभी से पूछताछ की गई तो पति सूरज सही ढंग से कुछ बताने को तैयार नहीं था। हालांकि, कई कोशिशों के बाद सारा राज खुल गया। पुलिस के मुताबिक, सूरज अपनी पत्नी उत्तरा की जायदाद-जेवर हड़पकर दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था। इसलिए उसने पत्नी की हत्या करने की साजिश रची और सांप को इस्तेमाल किया।

सूरज का मानना था कि सांप के काटने से उसकी मौत हो जाएगी और किसी को शक भी नहीं होगा। पुलिस ने मामले में बताया था कि, सूरज काफी समय से इस साजिश को रच रहा था। साथ ही उसने इंटरनेट के जरिए सांप से डसाने का तरीका भी सीखा था। सूरज ने मार्च के महीने में भी एक बार पत्नी को सांप से डसाकर मारने का प्रयास कर चुका था लेकिन तब उत्तरा की जान बच गई थी। हालांकि, इस बार जब उत्तरा सो रही थी तभी सूरज ने कोबरा सांप को उसके ऊपर छोड़ दिया।

सूरज के मुताबिक, वह सांप के द्वारा डसने की पूरी घटना को पास में ही बैठकर देख रहा था। सांप ने उत्तरा को दो बार डसा था और फिर कुछ समय बाद उत्तरा की मौत हो गई। जब यह बात सूरज के परिजनों और पड़ोसियों ने सुनी तो सभी के होश उड़ गए। इस मामले में खास बात यह थी कि दफनाए गए सांप का पोस्टमॉर्टम कर और डीएनए की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार की गई थी। हालांकि, इस घटना के बाद में सांप बेचने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।बता दें कि, पुलिस को डिजिटल साक्ष्य के तौर पर आरोपी पति के मोबाइल से सांप से संबंधित कई सारे वीडियो मिले थे। इनमें सांपो के डसने और उन्हें काबू रखने के कई सारे तरीके बताए गए थे। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले में चार्जशीट तैयार करने के बाद जब मामला अदालत में पहुंचा था तो पत्नी की हत्या मामले में आरोपी पति सूरज को कोर्ट ने बाद में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई कानपुर पुलिस की कथित वसूली लिस्ट, लिखे गए हैं इनके नाम

न्यूज डेस्क। कानपुर पुलिस (Kanpur Police) का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जाजमऊ पुलिस चौकी (Jajmau Police Booth) की वसूली का कथित पर्चा सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस पर्चे में वसूली लिस्ट है, जिसमें बकायदा नाम के साथ किससे कितने रुपए वसूल करने हैं, यह भी लिखा हुआ है. जब कानपुर के वरिष्ठ अधिकारियों तक यह बात पहुंची तो वह भी हैरान रह गए. मामले की तह तक जानने के लिए पुलिस कमिश्नर ने जांच के आदेश दे दिए हैं. सोशल मीडिया (Social Media) पर पर्चा वायरल होने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं.

कानपुर पुलिस की कथित वसूली लिस्ट हुई वायरल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चकेरी थाना क्षेत्र के जाजमऊ चौकी इलाके में कई अवैध काम होते हैं. कथित तौर पर गंगा किनारे कटरी और आस-पास के ग्रामीण इलाके में बड़े पैमाने पर गैरकानूनी काम भी होते हैं. एनबीटी में छपी खबर के मुताबिक, जाजमऊ चौकी के इंचार्ज सुखराम रावत हैं, जिनका नाम सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वसूली लिस्ट में लिखा है. इस लिस्ट में कुल सात नाम लिखे हैं, जहां से पुलिस की वसूली आती है. लिस्ट में लिखे हुए नामों के साथ पैसों का भी विवरण दिया गया है.

थाना इंचार्ज समेत लिखे गए कई लोगों के नाम
सूची में राना रब्बानी, अशफाक और उसके भाई अफजल, निजाम, नसीम पहलवाल, जुबैर आलम, सलीम और बनिया का नाम लिखा गया है. इसके साथ ही आखिर में यह भी लिखा गया कि वसूली में इकट्ठे किए गए पैसे महफूज अख्तर, सउद अख्तर गैंगेस्टर का करीबी फाजिल अशरफ चौकी इंचार्ज को देता है. कानपुर पुलिस के अधिकारियों के पास जैसे ही यह खबर पहुंची तो सभी हरकत में आ गए. फिलहाल, इस मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं. वहीं, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल पर्चा किसी की शरारत है. पुलिस को बदनाम करने के लिए ऐसी शरारत की गई है.

पेट्रोल-डीजल के बाद घरेलू LPG के दाम में भारी बढ़ोतरी, नई कीमत आज से लागू

पेट्रोल-डीजल के बाद घरेलू LPG के दाम में भारी बढ़ोतरी, नई कीमत आज से लागू
नई दिल्ली: घरेलू एलपीजी सिलेंडर (Domestic LPG Cylinder) के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है. नई कीमत आज (मंगलवार) से लागू होगी. घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट 6 अक्टूबर 2021 के बाद बढ़े हैं. आज से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत (Domestic LPG Cylinder Price) दिल्ली में 899.50 रुपये से बढ़कर 949.5 रुपये हो गई है.

किस शहर में घरेलू LPG सिलेंडर का दाम कितना?
बता दें कि अगर आप अब मुंबई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर खरीदेंगे तो आपको 949.50 रुपये देने होंगे और अगर कोलकाता में आप घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेंगे तो आपको 976 रुपये चुकाने होंगे. यहां पहले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 926 रुपये थी. इसके अलावा चेन्नई में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 915.50 रुपये से बढ़कर 965.50 रुपये हो गई है.
लखनऊ और पटना में LPG सिलेंडर की क्या है कीमत?
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 938 रुपये से बढ़कर 987.5 रुपये हो गई है. वहीं बिहार के पटना में एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब आपको 1039.5 रुपये में मिलेगा, जो पहले 998 रुपये का था.

पेट्रोल-डीजल के दाम में भी बढ़ोतरी
गौरतलब है कि डीजल-पेट्रोल के दाम में भी लंबे समय के बाद एक बार फिर से बढ़ोतरी हुई है. डीजल और पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 80 पैसे की तेजी आई है. बढ़ी हुई कीमतें आज (मंगलवार) से लागू हो गई हैं.

जान लें कि थोक उपभोक्ताओं के लिए डीजल के दाम बहुत ज्यादा बढ़ चुके हैं. इसमें अचानक बड़ी बढ़ोतरी हुई है, सीधे 25 रुपये का इजाफा किया गया है. दिल्ली में थोक उपभोक्ताओं को डीजल 115 रुपये प्रति लीटर की कीमत से बेचा जा रहा है.
बता दें कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी क्रूड ऑयल के महंगा होने की वजह से हुई है. मौजूदा पेट्रोल-डीजल की कीमतें तब की हैं, जब क्रूड ऑयल 80 डॉलर प्रति बैरल के करीब था. अभी क्रूड ऑयल की कीमत गिरावट के बाद भी 100 डॉलर प्रति बैरल है.