The Duniyadari: जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। तमता-डूमरबहार मुख्य मार्ग पर पंडरीपानी के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े पानी टैंकर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान निर्माण कार्य के लिए एक पानी टैंकर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तमता से डूमरबहार की ओर जा रहा बाइक सवार युवक तीखे मोड़ पर अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे टैंकर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक टैंकर के नीचे तक घुस गई।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















