The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर आई है। Chhattisgarh Public Service Commission ने मुख्य परीक्षा की तारीखों में बदलाव करते हुए इसे जून 2026 में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला अभ्यर्थियों की मांगों और तैयारी के लिए अधिक समय देने को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
पहले यह परीक्षा 16, 17, 18 और 19 मई 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन अब नई तिथियों के अनुसार परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के प्रमुख केंद्रों—अंबिकापुर, बिलासपुर, भिलाई और रायपुर—में संपन्न कराई जाएगी।
जारी संशोधित शेड्यूल के मुताबिक परीक्षा चार दिनों तक दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। पहले दिन भाषा और निबंध के पेपर होंगे, जबकि बाकी दिनों में सामान्य अध्ययन के विभिन्न प्रश्नपत्र आयोजित किए जाएंगे।
आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि प्रवेश पत्र परीक्षा से करीब 10 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।















