Friday, October 30, 2026
Home खेल IND vs NZ दूसरा टी20: रायपुर में कुलदीप की एंट्री संभव, अक्षर...

IND vs NZ दूसरा टी20: रायपुर में कुलदीप की एंट्री संभव, अक्षर को मिल सकता है आराम

219

The Duniyadari :रायपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले टीम इंडिया की तैयारियां पूरी हैं, लेकिन प्लेइंग-11 में एक अहम बदलाव देखने को मिल सकता है।

पहले टी20 में चोटिल हुए ऑलराउंडर अक्षर पटेल का इस मैच में खेलना संदिग्ध माना जा रहा है। फील्डिंग के दौरान उंगली में चोट लगने के बाद वे मैच पूरा नहीं कर सके थे। आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट अक्षर को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा। ऐसे में उनकी जगह अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है।

कुलदीप यादव अपनी विविध स्पिन और किफायती गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह बल्लेबाजों के लिए पढ़ना मुश्किल साबित होते हैं और किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। प्लेइंग-11 में शामिल होने पर वे निचले क्रम में बल्लेबाजी का भी विकल्प देंगे।

टीम संयोजन की बात करें तो शीर्ष क्रम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपनिंग करते दिख सकते हैं। मध्यक्रम में ईशान किशन, कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या की अहम भूमिका रहेगी। निचले क्रम में रिंकू सिंह और शिवम दुबे टीम को मजबूती देंगे।

न्यूजीलैंड की टीम भी संतुलित नजर आ रही है, जिसमें ऑलराउंडर और तेज गेंदबाजों का अच्छा मिश्रण है। रायपुर की पिच पर स्पिन और तेज गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है, जिससे मुकाबला रोमांचक होने के आसार हैं।