Friday, October 30, 2026
Home उत्तरप्रदेश/लखनऊ 108 एंबुलेंस ट्रेनिंग सेंटर में हड़कंप: घटिया भोजन से 25 ईएमटी प्रशिक्षु...

108 एंबुलेंस ट्रेनिंग सेंटर में हड़कंप: घटिया भोजन से 25 ईएमटी प्रशिक्षु बीमार

122

The Duniyadari : लखनऊ में 108 एंबुलेंस ट्रेनिंग सेंटर में फूड प्वाइजनिंग, 25 प्रशिक्षु बीमार

लखनऊ। 108 एंबुलेंस सेवा के ईएमटी प्रशिक्षण केंद्र में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंटर में परोसा गया भोजन खाने के बाद 25 प्रशिक्षुओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक साथ कई छात्रों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सभी प्रशिक्षुओं की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई गई है। एहतियातन भोजन और पानी के नमूने लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बीमारी के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े अधिकारी फिलहाल इस मामले में खुलकर बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जो युवा लोगों की जान बचाने की ट्रेनिंग ले रहे हैं, उनकी खुद की सुरक्षा और स्वास्थ्य की अनदेखी की जा रही है।

फिलहाल सभी बीमार प्रशिक्षुओं का इलाज जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि भोजन में गड़बड़ी कैसे हुई।