The Duniyadari: कोरबा। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच कोरबा पुलिस ने अब कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर भी जोर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत मानिकपुर स्थित ओरिएंटल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 120 छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार चंद्रा और साइबर टीम के वीरकेश्वर प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर ठगों के अलग-अलग तरीकों की जानकारी दी। बैंक अधिकारी, पुलिस, कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर होने वाली ठगी के साथ फर्जी लिंक, KYC अपडेट, OTP फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग, फर्जी निवेश व लोन, सोशल मीडिया ठगी, फर्जी नौकरी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने छात्रों से कहा कि OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से भी बचें।
साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन फ्रॉड में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर उन्हें खुद के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाने में सक्षम बनाना है।





















