Wednesday, August 12, 2026
Home Breaking बोर्ड रिजल्ट को लेकर फर्जी कॉल से रहें सावधान, अंक बढ़ाने के...

बोर्ड रिजल्ट को लेकर फर्जी कॉल से रहें सावधान, अंक बढ़ाने के नाम पर ठगी की कोशिश

4

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य एवं अवसर परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संभावित साइबर ठगी को लेकर सतर्क किया है।

मंडल के अनुसार पिछले वर्षों में परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले और बाद में कुछ छात्रों व पालकों को संदिग्ध फोन कॉल आए थे। कॉल करने वालों ने रिजल्ट में बदलाव कराने, नंबर बढ़वाने या फेल छात्र को पास कराने का दावा करते हुए पैसों की मांग की थी।

मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में किसी भी तरह का बदलाव कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों का बोर्ड से कोई संबंध नहीं है। यदि किसी विद्यार्थी या अभिभावक को इस तरह का फोन आता है, तो उसकी बातों पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का भुगतान न करें।

ऐसे मामलों में लोगों को तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। मंडल ने विद्यार्थियों और पालकों से अपील की है कि वे लालच या दबाव में आकर अपनी रकम न दें और परीक्षा परिणाम से जुड़ी किसी भी संदिग्ध सूचना के मामले में सतर्कता बरतें।