जब्त सोने की ज्वेलरी के गबन का खुलासा, बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

13

The Duniyadari: दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक पुराने मामले से जुड़ा बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस ने जब्त सोने के जेवरों के गबन के आरोप में बर्खास्त महिला प्रधान आरक्षक मोनिका सोनी गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व चोरी के एक मामले की जांच के दौरान करीब 79 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद की गई थी। यह जब्त माल उस समय विवेचक के रूप में पदस्थ मोनिका गुप्ता की जिम्मेदारी में रखा गया था। बाद में नियमित जांच के दौरान जेवरात रिकॉर्ड से गायब मिले, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने थाने के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान संदेह मोनिका गुप्ता पर केंद्रित हुआ और पर्याप्त प्रमाण मिलने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। विस्तृत जांच में गबन की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद मोनिका गुप्ता को पहले ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।