The Duniyadari: धमतरी- जिले के नगरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। देवपुर के पास तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के दौरान युवक के दोनों पैर शरीर से अलग हो गए।
जानकारी के अनुसार, समीर नामक युवक अपनी मोटरसाइकिल से तीन युवतियों के साथ कहीं जा रहा था। इसी दौरान देवपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एर्टिगा कार से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समीर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल तीनों युवतियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल नगरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















