The Duniyadari : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल क्षेत्र में सोमवार को एक ज्वेलरी व्यवसायी और भाजपा पार्षद के बीच पुरानी तनातनी हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद जामुल थाना पुलिस ने दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, जामुल नगर पालिका परिषद के पार्षद दीपक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह नगर पालिका कार्यालय से जुड़े काम के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान ठेठवार मोहल्ले में रास्ते में उनकी मुलाकात ज्वेलरी कारोबारी केशव सोनी से हो गई। आरोप है कि केशव सोनी ने रास्ता रोककर गाली-गलौच शुरू की और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर धमकियां दीं। पार्षद का कहना है कि लकड़ी जैसे ठोस वस्तु से हमला किया गया, जिससे उन्हें सिर, आंख और हाथ में चोट आई।
वहीं, ज्वेलरी व्यापारी केशव सोनी ने पार्षद के आरोपों को नकारते हुए उलटा मामला दर्ज कराया है। केशव के अनुसार, वह धान बेचकर अपने कर्मचारी को छोड़ने के बाद घर लौट रहे थे, तभी ठेठवार पारा क्षेत्र में पार्षद दीपक गुप्ता ने उन्हें रोका। उन्होंने बताया कि पहले शब्दों में विवाद हुआ, फिर पार्षद ने प्लास्टिक के पाइप से हमला किया। आरोप है कि बाद में पार्षद के भाई भी मौके पर पहुंचे और दोनों ने मिलकर मारपीट की।
इस पूरे मामले पर जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों को दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट, चश्मदीदों के बयान और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
































