Friday, June 12, 2026
Home Breaking ब्लड सेंटर में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: प्रभारी एमएलटी निलंबित, जांच में...

ब्लड सेंटर में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: प्रभारी एमएलटी निलंबित, जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं

6

The Duniyadari : जशपुर– जिला चिकित्सालय जशपुर के ब्लड सेंटर में पाई गई गंभीर अनियमितताओं के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर ब्लड सेंटर के प्रभारी मेडिकल लैब टेक्नीशियन (एमएलटी) पुरूषोत्तम कुंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जांच के दौरान ब्लड सेंटर के संचालन में कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। रिपोर्ट के अनुसार, एक्सपायर्ड ब्लड बैग को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट नहीं किया गया था। इसके अलावा ब्लड बैग के गायब होने जैसी महत्वपूर्ण जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर नहीं दी गई। जांच में दस्तावेजों और संबंधित अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ किए जाने के संकेत भी मिले हैं।

 

अधिकारियों ने पाया कि ब्लड सेंटर के संचालन में निर्धारित नियमों, सुरक्षा मानकों और व्यावसायिक आचार संहिता का समुचित पालन नहीं किया गया। इसे दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना गया है। मामले में संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया।

इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई। आदेश में उल्लेख किया गया है कि संबंधित लापरवाही से मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी, जिससे अस्पताल और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो सकते थे।

निलंबन अवधि के दौरान पुरूषोत्तम कुंवर का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।