Friday, June 12, 2026
Home Breaking 16 जून से खुलेंगे स्कूल, शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों के निर्देश...

16 जून से खुलेंगे स्कूल, शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों के निर्देश जारी

7

The Duniyadari: Raipur- प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से होगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने शाला प्रवेश उत्सव 2026 के आयोजन को लेकर सभी जिलों और शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

जारी निर्देशों के अनुसार शाला प्रवेश उत्सव को गांव से लेकर जिला स्तर तक उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में पहले से आवश्यक तैयारियां पूरी करने, जनप्रतिनिधियों, पालकों और शाला विकास समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

विभाग ने स्कूल खुलने से पहले भवनों, कक्षाओं और परिसर की साफ-सफाई तथा आवश्यक मरम्मत कार्य 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्कूलों को आकर्षक बनाने और बच्चों के लिए प्रेरक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने को कहा गया है।

प्रवेश उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर-पोस्टर, रैली, मुनादी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों की सूची आंगनबाड़ी केंद्रों से तथा कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए प्राथमिक विद्यालयों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों की जानकारी पहले से प्राप्त कर ली जाए।

इसके अलावा विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने कहा है कि बच्चों की वापसी का प्रयास वास्तविक और प्रभावी होना चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

शिक्षा विभाग का मानना है कि सत्र के पहले दिन से ही सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल तैयार कर विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़ाया जा सकता है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।