The Duniyadari: बिलासपुर के तोरवा क्षेत्र में स्थित वीर नारायण सिंह ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में ऑटो सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मस्तूरी क्षेत्र के धनगवां गांव निवासी रणजीत डहरिया अपनी पत्नी बिरस बाई के साथ गुजरात से लौटे थे। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों ने अपने गांव जाने के लिए ऑटो लिया था। इसी दौरान जब ऑटो लालखदान ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि कार चला रहे डॉक्टर को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गलत दिशा में चला गया और सीधे ऑटो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बिरस बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं रणजीत की हालत नाजुक बनी हुई है और ऑटो चालक के दोनों पैर टूट गए हैं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी कार भी जब्त कर ली गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।















