The Duniyadari: Raigarh में रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे स्टेशन और एक एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला यात्री के गले से सोने का मंगलसूत्र पार कर दिया गया, जबकि दूसरी घटना में ट्रेन में सफर कर रहे यात्री का कीमती सामान से भरा बैग चोरी हो गया।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ की रहने वाली एक महिला अपनी बेटी के साथ अकलतरा जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करने के बाद दोनों जनरल कोच में सवार हुईं। कोच में काफी भीड़ थी। यात्रा के दौरान जब महिला ने अपने गले में हाथ लगाया तो उनका मंगलसूत्र गायब मिला। चोरी हुए मंगलसूत्र की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। घटना की शिकायत जीआरपी में दर्ज कराई गई है।
वहीं दूसरी घटना बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में हुई। ओडिशा निवासी एक यात्री भुवनेश्वर से बिलासपुर की यात्रा कर रहा था। उसने अपना बैग सीट के पास रखकर आराम किया था। सुबह नींद खुलने पर बैग गायब मिला। बैग में लैपटॉप, पर्स, बैंक कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज समेत लगभग 45 हजार रुपये मूल्य का सामान रखा हुआ था।
दोनों मामलों में जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया गया है तथा रेलवे स्टेशन और ट्रेन के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।















