Thursday, May 7, 2026
Home Breaking 12 मई को हिमंत बिस्वा सरमा ले सकते हैं दूसरी बार CM...

12 मई को हिमंत बिस्वा सरमा ले सकते हैं दूसरी बार CM पद की शपथ, NDA को 126 में से 102 सीटों पर मिली बंपर जीत

7

The Duniyadari: गुवाहाटी– असम में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया। माना जा रहा है कि वे 12 मई को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

4 मई को आए विधानसभा नतीजों में BJP के नेतृत्व वाले NDA ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके साथ ही BJP राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी। हिमंत सरमा ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के साथ इस्तीफा देकर नई सरकार के गठन का रास्ता साफ कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक 10 मई को सुबह 10 बजे गुवाहाटी में NDA विधायक दल की बैठक होगी। इसमें गठबंधन के विधायक औपचारिक रूप से अपना नेता चुनेंगे। सभी विजयी NDA उम्मीदवारों को 9 मई तक गुवाहाटी पहुंचने को कहा गया है।

असम में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था और मतगणना 4 मई को हुई। हिमंत बिस्वा सरमा फिलहाल असम में BJP का सबसे बड़ा चेहरा हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में मजबूत पकड़ बनाई है।

पांच राज्यों के चुनाव के बाद BJP ने बंगाल और असम में बड़ी जीत हासिल की है। दोनों राज्यों में सरकार गठन और शपथ ग्रहण को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। हालांकि असम में शपथ की तारीख का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।