शराब घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, सौम्या चौरसिया 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

31

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए निलंबित राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी सौम्या चौरसिया को विशेष अदालत में पेश किया। PMLA कोर्ट ने सुनवाई के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के आदेश दिए। दो दिन पहले ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया था और प्रारंभिक रिमांड पूरी होने के बाद यह आदेश हुआ।

ईडी का कहना है कि सौम्या चौरसिया की भूमिका कथित शराब सिंडिकेट में अहम रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक विभिन्न आरोपियों के बयानों, डिजिटल चैट्स और जब्त दस्तावेजों से यह संकेत मिले हैं कि अवैध शराब कारोबार से अर्जित बड़ी राशि के लेनदेन में उनकी संलिप्तता रही। एजेंसी का दावा है कि शराब घोटाले से जुड़े पैसों की आवाजाही और नीति से संबंधित प्रक्रियाओं में उनकी सक्रिय भूमिका थी।

इसी प्रकरण में पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को भी अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें तीन दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। ईडी अब सौम्या से मिले तथ्यों के आधार पर निरंजन दास से पूछताछ करेगी। निरंजन दास पहले से ही ईओडब्ल्यू के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच शराब नीति में बदलाव कर एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ। इस मामले में पहले ही कई राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर के लोगों पर कार्रवाई हो चुकी है।

ईडी की ताजा कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि शराब घोटाले की जांच और तेज होगी तथा आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।