नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, कैमरे के सामने शराब पीने की बात कबूली, विभागीय कार्रवाई के संकेत

18

The Duniyadari : अंबिकापुर जिले के मैनपाट विकासखंड से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया, जबकि विद्यालय में मौजूद बच्चों की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपाट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बालक वंदना में पदस्थ शिक्षक राज प्रताप सिंह शुक्रवार को नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे। स्कूल की प्रधान पाठिका अवकाश पर थीं, वहीं दूसरा शिक्षक विद्यालय नहीं आया था। ऐसे में पहली से पांचवीं तक के छात्र नशे में मौजूद शिक्षक के भरोसे स्कूल में रहे।

ग्रामीणों को जब शिक्षक की हालत की जानकारी हुई तो उन्होंने स्थानीय मीडिया को सूचित किया। पत्रकारों के स्कूल पहुंचने पर शिक्षक ने कैमरे के सामने शराब सेवन की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उसने करीब 20 रुपये की महुआ शराब पी थी। शिक्षक ने अपनी गलती मानते हुए कैमरे के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई और माफी मांगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मैनपाट के विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन से जुड़ा यह मामला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।