रात में घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

19

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा, 02 फरवरी 2026। कोटमीसोनार क्षेत्र में देर रात एक घर में जबरन घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 01 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे श्रवण साहू नामक युवक ने कोटमीसोनार निवासी राजू पटेल के घर का दरवाजा तोड़ते हुए जबरन प्रवेश किया। घर में घुसते ही आरोपी ने प्रार्थी के पुत्र के साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ईंट के टुकड़े से हमला कर वह मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।