The Duniyadari:
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हथियारों से लैस दबंगों के एक समूह ने एक परिवार के घर पर धावा बोल दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद कुछ लोग हथियार लेकर उनके घर पहुंच गए और हवाई फायरिंग करते हुए हमला कर दिया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। इसके बाद हमलावरों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से तोड़फोड़ की, जिससे घर की खिड़कियां, शीशे और फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है, जबकि पीड़ित पक्ष ने भी घटना का वीडियो बनाया है, जो सोशल मीडिया पर फैल रहा है।
हमले में अनुज सिंह (30), संतोष सिंह (35) और मान सिंह (65) घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित अनुज सिंह उर्फ मोनू का आरोप है कि हमला करने वाले आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं और उनके परिवार को जान का खतरा है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





























