बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाए माता-पिता, दंपति ने एक साथ फांसी लगाकर दी जान

10

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर-चांपा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां अपने इकलौते बेटे को खोने के गहरे सदमे में एक दंपति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह घर के पास पेड़ से पति-पत्नी के शव फंदे पर लटके मिले, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना धरदेई गांव की है, जो शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही उनके इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु के बाद से दोनों गहरे मानसिक आघात में थे।

सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।