The Duniyadari: कोरबा, 18 फरवरी (वेदांत समाचार)। कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा घंटाघर से मिनिमता कॉलेज जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां टक्कर के बावजूद कार का एयरबैग खुल जाने से चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक कथित रूप से नशे की हालत में वाहन चला रहे थे और इसी दौरान उन्होंने व्यस्त मार्ग पर कार से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार वाहन सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद कार सवारों ने अपने परिचितों को मौके पर बुलाया। वहां पहुंचे लोगों ने कथित तौर पर वाहन की पहचान छिपाने के उद्देश्य से नंबर प्लेट हटा दी। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान वाहन के अंदर और आसपास शराब की बोतलें पड़ी मिलीं।
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग इस घटना को सामान्य दुर्घटना बताकर मामला शांत कराने की कोशिश में लगे थे, हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
































