कोरबा:हसदेव पुल पर भीषण टक्कर हाइवा और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, एक गंभीर

9

The Duniyadari: कोरबा। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी इलाके में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केंदई हसदेव पुल के पास तेज रफ्तार दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा पुल के मोड़ पर हुआ जहां चावल से भरी हाइवा और सब्जियों से लदी पिकअप आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद हाइवा आगे बढ़कर एक अन्य मोड़ के पास जाकर रुक गई।

दुर्घटना में हाइवा चालक और उसके सहयोगी की मौके पर ही मौत हो गई। मृत चालक की पहचान विनोद यादव के रूप में की गई है, जो वाहन का स्वामी भी बताया जा रहा है। पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे के बाद सड़क पर चावल की बोरियां और सब्जियां बिखर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त हाइवा में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। जेसीबी मशीन की सहायता से दोनों वाहनों को हटाकर मार्ग को साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल किया जा सका।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।